लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
राजसमंद | गौतम शर्मा
राजसमंद–भीलवाड़ा जिले की सीमा पर स्थित मेवाड़ के प्रसिद्ध देव स्थल प्रभु श्री खजुरिया श्याम भैरुनाथ के दरबार में नववर्ष 2026 के स्वागत को लेकर बीती रात्रि भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। आयोजन के दौरान श्रद्धा और भक्ति का ऐसा ज्वार उमड़ा कि संपूर्ण मंदिर परिसर ‘जय श्री भैरुनाथ’ के गगनभेदी जयकारों से गुंजायमान हो उठा।
गणपति वंदना से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत गणपति वंदना के साथ हुआ। इसके पश्चात आयोजित विशाल भक्ति संगीत संध्या में 200 से अधिक भजन गायकों ने एक से बढ़कर एक सुमधुर भजनों की प्रस्तुतियां दीं।
‘ओ कान्हा अब तो मुरली की…’ और
‘हारे का सहारा है मेरा खजुरिया श्याम भैरुनाथ…’
जैसे भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे और वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बन गया।
भक्ति में सराबोर हुए श्रद्धालु
भजनों की मधुर धुन, ढोलक और मंजीरों की थाप पर श्रद्धालु खुद को रोक नहीं पाए। पंडाल में मौजूद बच्चे, युवा और बुजुर्ग—सभी बाबा की भक्ति में झूमते नजर आए। हर कोई नृत्य व जयकारों के माध्यम से बाबा के चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित करता दिखाई दिया।
नववर्ष पर अलौकिक श्रृंगार
नववर्ष के प्रथम दिन बाबा के दर्शन और भव्य आयोजन का साक्षी बनने के लिए दूर-दराज क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। इस अवसर पर मंदिर समिति की ओर से खजुरिया श्याम भैरुनाथ का विशेष एवं अलौकिक श्रृंगार किया गया, जिसने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
श्रद्धालुओं की प्रतिक्रिया
श्रद्धालुओं ने कहा—
“बाबा के दरबार में आकर नए वर्ष की शुरुआत करना सौभाग्य की बात है। भजनों की मिठास ने मन को असीम शांति और ऊर्जा प्रदान की।”
इन क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालु
भजन संध्या में झोर, गोवलिया, देवली, लापस्या, खंडेल, कुंवारिया, नेगड़िया खेड़ा, छापरी, सालेरा, कांगणी सहित आसपास एवं दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन विनायक जोशी एवं डालचंद कुमावत द्वारा किया गया।















































