लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भीषण गर्मी में पशु-पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था करने की अपील
जयपुर | रूपनारायण सांवरिया
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने विपक्ष द्वारा गैस और पेट्रोल को लेकर लगाए जा रहे आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि विपक्ष केवल भ्रम फैलाकर राजनीति करने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान केंद्र और राज्य सरकार आमजन को राहत पहुंचाने तथा आवश्यक व्यवस्थाएं बनाए रखने के लिए लगातार कार्य कर रही हैं।
मदन राठौड़ ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर निशाना साधते हुए कहा कि वे तीन बार राजस्थान के मुख्यमंत्री रहे, लेकिन प्रदेश में स्थायी जल व्यवस्था तक सुनिश्चित नहीं कर पाए। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस सरकार ने समुचित जल प्रबंधन विकसित नहीं किया।
राठौड़ ने कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार जल संकट के समाधान के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि जोधपुर सहित प्रदेश में पानी की आपूर्ति सुचारु रूप से जारी है, हालांकि ग्रामीण क्षेत्रों में कुछ समस्याएं सामने आई थीं। भाखड़ा बांध से क्लोजर आने के कारण कुछ समय के लिए परेशानी हुई, लेकिन अब व्यवस्थाएं धीरे-धीरे सामान्य हो रही हैं। राज्य सरकार घर-घर जल पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत है।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा पर हमला बोलते हुए राठौड़ ने कहा कि भाजपा कार्यालय का घेराव करने से पहले कांग्रेस नेताओं को आत्ममंथन करना चाहिए। जिन घटनाओं को लेकर भाजपा पर आरोप लगाए जा रहे हैं, उनका भाजपा से कोई संबंध नहीं है। यह कांग्रेस से जुड़े लोगों का ही कारनामा है।
गैस और तेल संकट के मुद्दे पर राठौड़ ने कहा कि विपक्ष केवल राजनीति करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में गल्फ देशों में तनावपूर्ण हालात बने हुए हैं और युद्ध जैसे हालात के बावजूद प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में केंद्र सरकार देशहित में प्रभावी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर रही है। हार्मुज मार्ग से भारतीय पोत सुरक्षित आ-जा रहे हैं और आवश्यक आपूर्ति बनाए रखने के लिए केंद्र सरकार लगातार सक्रिय है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा मितव्ययिता अपनाने और अनावश्यक खर्च से बचने की सलाह देना समाज और राष्ट्रहित में है। वाहन साझा करने जैसी अपील को लेकर विपक्ष द्वारा भ्रम फैलाना दुर्भाग्यपूर्ण है।
इससे पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने विशेष परिस्थितियों के बावजूद भाजपा कार्यकर्ता रेना द्वारा पक्षियों के लिए परिंडा लगाने की पहल की सराहना की। उन्होंने प्रदेशवासियों से भीषण गर्मी को देखते हुए पशु-पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर और आसपास परिंडे लगाकर उनमें नियमित रूप से पानी भरना चाहिए।






















































