लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
युवा प्रिन्स तिवाड़ी की अनूठी पहल
किशनगढ़ रेनवाल में अतिथियों का हुआ बीजयुक्त कलाई बैंड से स्वागत, ‘सम्मान के साथ एक पौधा’ अभियान को मिला नया आयाम
किशनगढ़ रेनवाल। (नवीन कुमावत) पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने की दिशा में किशनगढ़ रेनवाल के जागरूक युवा प्रिन्स तिवाड़ी ने एक अभिनव पहल की है। रविवार को श्रीगोपाल गौशाला में आयोजित कार्यक्रम में पारंपरिक पुष्पमालाओं की बजाय मंचासीन अतिथियों का स्वागत सीड पेपर रिस्ट बैंड (बीजयुक्त कलाई बैंड) पहनाकर किया गया, जिससे पर्यावरण संरक्षण का प्रभावी संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजीव द्विवेदी, एसडीएम सर्वेश शर्मा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष शिवजीराम कुमावत सहित अन्य अतिथियों का स्वागत इसी अनूठे रिस्ट बैंड से किया गया। इस पहल को उपस्थित लोगों ने सराहा और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सकारात्मक प्रयास बताया।
प्रिन्स तिवाड़ी ने बताया कि यह विशेष रिस्ट बैंड बीजयुक्त कागज से तैयार किया गया है, जिसे उपयोग के बाद मिट्टी में बोया जा सकता है। कुछ समय बाद इससे पौधा विकसित होता है। उनका कहना है कि सम्मान के साथ यदि एक पौधा भी जुड़ जाए तो प्रत्येक सामाजिक आयोजन पर्यावरण संरक्षण का माध्यम बन सकता है।
उन्होंने बताया कि उनका उद्देश्य “सम्मान के साथ एक पौधा” अभियान को जन-जन तक पहुंचाना है, ताकि हर कार्यक्रम केवल औपचारिक आयोजन न होकर प्रकृति संरक्षण का संदेश भी दे। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि सीड पेपर रिस्ट बैंड किसी भी विद्यालय, संस्था, संगठन, कंपनी या सामाजिक आयोजन के नाम और लोगो के साथ तैयार किए जा सकते हैं।















































