लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
खड़गे की टिप्पणी पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष का पलटवार, कांग्रेस नेतृत्व से सार्वजनिक माफी मांगने की मांग
जयपुर (रूपनारायण सांवरिया)। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई कथित विवादित टिप्पणी को लेकर तीखा हमला बोला है। राठौड़ ने कांग्रेस की राजनीतिक भाषा और आचरण पर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस की राजनीति का स्तर गिरता जा रहा है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन देश के प्रधानमंत्री के लिए इस तरह की भाषा का इस्तेमाल लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से टिप्पणी पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।
राठौड़ ने पटना में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान खड़गे की टिप्पणी और कार्यक्रम में एक व्यक्ति के साथ हुई मारपीट की घटना पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में असहमति का जवाब तर्क और संवाद से दिया जाना चाहिए, हिंसा से नहीं। राजनीतिक कार्यक्रमों में विरोध की आवाज दबाने के लिए मारपीट होना लोकतांत्रिक परंपराओं के लिए चिंताजनक है।
‘राजनीतिक विरोध की भी होनी चाहिए मर्यादा’
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि जिस तरह की भाषा को कभी सड़कछाप राजनीति से जोड़कर देखा जाता था, वैसी भाषा का इस्तेमाल अब कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व कर रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या राजनीतिक मतभेदों के बीच शालीनता, संयम और लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए कोई जगह नहीं बची है?
राठौड़ ने कहा कि विपक्ष का दायित्व सरकार की नीतियों की आलोचना करना है, लेकिन आलोचना और व्यक्तिगत कटाक्ष के बीच की मर्यादा बनाए रखना भी जरूरी है। राजनीतिक दलों को अपने शब्दों और आचरण से लोकतांत्रिक परंपराओं का सम्मान करना चाहिए।
प्रधानमंत्री मोदी पर पुराने बयानों का भी किया जिक्र
मदन राठौड़ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर कांग्रेस नेताओं की पूर्व की विवादित टिप्पणियों का उल्लेख करते हुए सोनिया गांधी के ‘मौत का सौदागर’ और मणिशंकर अय्यर के बयानों का जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता राजनीतिक विरोध में कई बार व्यक्तिगत टिप्पणियों की सीमा पार कर चुके हैं।
राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को लेकर इस तरह की बयानबाजी करना उचित नहीं है। उनके अनुसार, कांग्रेस को अपनी राजनीतिक भाषा और शैली पर आत्ममंथन करना चाहिए।
‘दुनिया में बढ़ रही मोदी की लोकप्रियता’
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सम्मान मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को 37 से अधिक देशों के सर्वोच्च सम्मान मिलना उनकी वैश्विक स्वीकार्यता को दर्शाता है।
राठौड़ ने कांग्रेस नेतृत्व को सलाह दी कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई टिप्पणी के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगे। उन्होंने कहा कि राजनीतिक प्रतिस्पर्धा लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन देश के सर्वोच्च निर्वाचित पद पर बैठे व्यक्ति के प्रति भाषा की मर्यादा बनाए रखना सभी राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी है।


















































