लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
29 जुलाई से प्रारंभ होगा राष्ट्रव्यापी ‘श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान’, प्रदेशभर में होंगे विविध कार्यक्रम
जयपुर।(रूपनारायण सांवरिया) भारतीय जनता पार्टी संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक राष्ट्रव्यापी “श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान” चलाएगी। अभियान के तहत राजस्थान सहित देशभर में सामाजिक समरसता, सेवा, सामाजिक न्याय और राष्ट्र निर्माण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं अभियान के प्रदेश संयोजक भूपेंद्र सैनी ने रविवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि अभियान के अंतर्गत प्रदेशभर में चार प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें जनप्रतिनिधि, संत-महात्मा, सामाजिक संगठन और पार्टी कार्यकर्ता सक्रिय भागीदारी निभाएंगे।
उन्होंने बताया कि 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर प्रदेश के सभी श्री गुरु रविदास मंदिरों एवं अन्य मंदिरों में संत रविदास महाराज के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर अभियान का शुभारंभ किया जाएगा। इस दौरान सामाजिक समरसता का संकल्प दिलाया जाएगा तथा संत रविदास के विचारों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
वाराणसी से आएगा पवित्र कलश
भूपेंद्र सैनी ने बताया कि अभियान की शुरुआत संत रविदास महाराज की जन्मस्थली गोवर्धनपुर (वाराणसी) से होगी। वहां भव्य सभा एवं महाआरती के बाद पवित्र कलश राजस्थान के लिए रवाना किया जाएगा। 30 जुलाई को जयपुर पहुंचने से पहले भरतपुर, दौसा और अन्य स्थानों पर कलश एवं रथ का स्वागत किया जाएगा। जयपुर में इस कलश से 44 कलश तैयार कर प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में भेजे जाएंगे, जहां प्रमुख मंदिरों में उनकी स्थापना की जाएगी।
31 अगस्त तक चलेगा संत संपर्क अभियान
उन्होंने बताया कि 29 जुलाई से 31 अगस्त तक संत संपर्क अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत रविदास समाज तथा अन्य अनुसूचित जाति समाज के संतों, महंतों और गुरुओं से व्यक्तिगत संपर्क कर उनका सम्मान किया जाएगा तथा सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया जाएगा।
छात्रावासों में होंगे समरसता संवाद
भाजपा 26 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक श्री गुरु रविदास महाराज छात्रावास संपर्क अभियान भी चलाएगी। इस दौरान प्रदेश के विभिन्न छात्रावासों में संत रविदास महाराज के चित्र एवं प्रेरक संदेशों के साथ समरसता संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों में युवाओं से ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प, सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका पर संवाद किया जाएगा।
भूपेंद्र सैनी ने कहा कि यह अभियान केवल संगठनात्मक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, सेवा और संत रविदास महाराज के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का व्यापक जनआंदोलन है। उन्होंने प्रदेश के जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समाज के सभी वर्गों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।















































