लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा (निर्मल गुप्ता)। क्षेत्र के सोप स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय सोप में आई पार्टनर संस्था द्वारा रक्षण परियोजना के अंतर्गत शाला प्रबंधन समिति (एसएमसी) का उन्मुखीकरण (ओरिएंटेशन) कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाध्यापक सीताराम जी ने की।
कार्यक्रम में संस्था के कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. अनिल भारद्वाज ने एसएमसी की भूमिका, उद्देश्य, जिम्मेदारी एवं जवाबदेही पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने शिक्षा विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए वाउचर योजना, साइकिल वितरण योजना, मिड-डे मील योजना, गरिमा पेटी, शौचालय एवं पेयजल व्यवस्था, निशुल्क नैपकिन योजना, नो बैग डे, यूनिफॉर्म वितरण योजना, कालीबाई मेधावी छात्रा स्कूटी योजना, मुख्यमंत्री पन्नाधाय बाल गोपाल योजना, गार्गी पुरस्कार योजना, श्रीकृष्ण भोग योजना, एंटी रोमियो स्क्वॉड, आत्मरक्षा प्रशिक्षण तथा पालनहार योजना के बारे में विस्तार से बताया।
बैठक में भामाशाहों द्वारा दिए गए सहयोग पर भी चर्चा की गई। कंजर समाज के प्रतिनिधियों ने विद्यालय के लिए पानी की टंकी उपलब्ध कराने, एक अलमारी देने तथा मुख्य द्वार पर विद्यालय का नाम लिखवाने की जिम्मेदारी ली।
समिति सदस्यों ने संकल्प लिया कि सभी बच्चे नियमित रूप से स्वच्छ वेशभूषा में विद्यालय आएं तथा शिक्षा की गुणवत्ता सुधार के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएं।
कार्यक्रम में एसएमसी के सभी सदस्य, अध्यक्ष एवं अभिभावक उपस्थित रहे। संस्था की ओर से ब्लॉक कोऑर्डिनेटर गायत्री महावर, अनिता कुमारी, अनीता शर्मा, नरेश बाई गोस्वामी तथा कृश कंजर सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।














































