राजकीय बालिका विद्यालय में मेधावी छात्राओं के सम्मान में निकली भव्य रैली

0
26
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

भरतपुर। वैर स्थित राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में बोर्ड परीक्षाओं (10वीं एवं 12वीं) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली मेधावी छात्राओं के सम्मान में भव्य ‘सम्मान रैली’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं की उपलब्धियों का उत्सव मनाने के साथ-साथ अन्य बालिकाओं को शिक्षा के प्रति प्रेरित करना रहा।

रैली को विद्यालय की प्रधानाचार्य प्रियंका अग्रवाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। विद्यालय परिसर से शुरू हुई यह रैली मुख्य बाजार, बाबा मनोहरदासजी मंदिर सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। इस दौरान छात्राएं बैंड-बाजे और ढोल-नगाड़ों के साथ उत्साहपूर्वक अपनी सफलता का जश्न मनाती नजर आईं। नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर छात्राओं का स्वागत किया।

बेटियां हर क्षेत्र में कर रही उत्कृष्ट प्रदर्शन

इस अवसर पर प्रधानाचार्य प्रियंका अग्रवाल ने कहा,
“हमारी बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। यह रैली न केवल इन छात्राओं का सम्मान है, बल्कि समाज को यह संदेश भी देती है कि बेटियों को समान अवसर मिले तो वे आसमान छू सकती हैं।”

उन्होंने सरकारी विद्यालयों की गुणवत्ता पर जोर देते हुए कहा कि यहां केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि बच्चों की प्रतिभा को निखारने का कार्य भी किया जाता है—चाहे वह खेल, कला या विज्ञान का क्षेत्र हो।

अभिभावकों से किया नामांकन का आह्वान

प्रधानाचार्य ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों का नामांकन सरकारी विद्यालयों में कराएं, जहां सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है।

सम्मान समारोह के साथ हुआ समापन

रैली के विद्यालय लौटने पर सभी टॉपर छात्राओं को प्रतीक चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ, एसएमसी सदस्य एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here