लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जयपुर, लोक टुडे न्यूज नेटवर्क (रूपनारायण सांवरिया): भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने शेखावाटी प्रवास के दौरान बुधवार को सीकर में खादी प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने खादी से बने वस्त्रों का अवलोकन किया और गांधी जयंती (2 अक्टूबर) के मौके पर खादी का थान भी खरीदा। राठौड़ ने डिजिटल भुगतान को प्राथमिकता देते हुए ऑनलाइन भुगतान किया।
उन्होंने कहा कि 2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से शुरू हुए सेवा पखवाड़े में “वोकल फॉर लोकल” के तहत स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा दिया जा रहा है। राठौड़ ने कहा कि गांधीजी ने हमेशा खादी को बढ़ावा दिया और प्रधानमंत्री मोदी भी खादी के वस्त्र पहनने का संदेश देते हैं।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष राठौड़ ने राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा को उनके जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए भगवान से उनकी लंबी उम्र और सद्बुद्धि की प्रार्थना की। उन्होंने कहा, “डोटासरा जैसे चल रहे हैं, वैसे चलते रहें, लेकिन सद्बुद्धि मिल जाए तो और भी अच्छा होगा।”
शिक्षकों के तबादला नीति पर बोलते हुए राठौड़ ने कहा कि डोटासरा सरकार पर आरोप लगाते हैं, लेकिन जब वे स्वयं शिक्षा मंत्री थे, तब मुख्यमंत्री के सामने ही शिक्षकों ने स्वीकार किया था कि पैसे लेकर तबादला होता था। अब ऐसे आरोप नहीं लगाने चाहिए।
इसके पूर्व राठौड़ ने बीकानेर में विधायक जेठानंद व्यास के कार्यालय का उद्घाटन किया। इसके बाद सीकर में पूर्व सांसद सुमेधानंद सरस्वती के आश्रम पहुंचकर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। भाजपा जिला कार्यालय में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक कार्यों पर चर्चा भी की गई।
इस अवसर पर सीकर जिला प्रभारी दिनेश धाबाई, जिलाध्यक्ष मनोज बाटड़, किसान मोर्चा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष हरिराम रणवां, फतेहपुर विधानसभा से प्रत्याशी रहे श्रवण चौधरी, जिला महामंत्री राजेश रोलन सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

















































