लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भीलवाड़ा जिला प्रशासन और हमारी लाडो फाउंडेशन की ‘नींव’ मुहिम के तहत आयोजन, 9 से 12 वर्ष की बालिकाओं ने उत्साह से लिया हिस्सा
रिपोर्ट: सत्यनारायण सेन, गुरला (भीलवाड़ा)
गुरला (भीलवाड़ा)। बेटियों को सशक्त बनाने, उनमें आत्मविश्वास बढ़ाने और खेलों के प्रति रुचि विकसित करने के उद्देश्य से गुरला में 5 किलोमीटर की दौड़ आयोजित की गई। भीलवाड़ा जिला प्रशासन और हमारी लाडो फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में ‘नींव’ अभियान के तहत हुई इस दौड़ में 9 से 12 वर्ष की बालिकाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। ‘लड़कियां भागें, सबसे आगे’ के संदेश के साथ बालिकाओं ने अपनी प्रतिभा और खेल भावना का परिचय दिया।
लाल टी-शर्ट और कैप में दिखा बेटियों का उत्साह
दौड़ के दौरान ग्रामीण क्षेत्र की नन्हीं बालिकाओं में खासा उत्साह नजर आया। ‘नींव’ अभियान की लाल टी-शर्ट और कैप पहने बालिकाओं ने निर्धारित दूरी पूरी करने के लिए पूरे जोश के साथ दौड़ लगाई। दौड़ पूरी करने वाली बालिकाओं को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास को प्रोत्साहित करने के साथ उनमें आत्मविश्वास पैदा करना और आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
ग्रामीणों ने बढ़ाया बेटियों का हौसला
आयोजन में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, स्कूल स्टाफ, जिला प्रशासन के प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने भाग लेकर बालिकाओं का उत्साहवर्धन किया। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने में मददगार हैं। इससे बालिकाओं को खेल, शिक्षा और सामाजिक गतिविधियों में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।
‘नींव’ अभियान के माध्यम से बेटियों को अपनी क्षमता पहचानने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया गया। आयोजन ने ग्रामीण परिवेश में बालिका सशक्तिकरण और खेल जागरूकता की अहमियत को भी रेखांकित किया।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में पुनित दास त्यागी जी महाराज, सत्यनारायण सेन, रतन सिंह, सुरेश चन्द्र दरोगा, जगदम्बा प्रसाद माथुर, तृप्ति मैडम, रामचंद्र प्रजापत, कंचन प्रजापत, राजू माली सहित अन्य लोग मौजूद रहे।





















































