- Advertisement -
लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गंगापुर सिटी (सवाई माधोपुर)। (लोकेश टटवाल)
गंगापुर सिटी के पुराने सब्जी मंडी इलाके में मंगलवार दोपहर बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी फैल गई। दो बाइक पर सवार 2 से 4 अज्ञात हमलावरों ने अचानक गोलियां चलाना शुरू कर दिया। घटना में दो युवक घायल हो गए, जिन्हें तत्काल जिला अस्पताल लाया गया।
घायल कौन हैं?
घायलों की पहचान जितेश शर्मा, निवासी महू कला, और कालू गुर्जर, निवासी उमरी गांव, के रूप में हुई है।
कालू गुर्जर के पैर में गोली लगी, जिसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जयपुर रेफर किया गया।
जबकि जितेश शर्मा के हाथ में गोली लगी है।

जिला अस्पताल में घायलों को लाते ही बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
पुलिस प्रशासन मौके पर जुटा
सूचना मिलते ही एएसपी राकेश राजोरा, डीवाईएसपी गिर्राज मीणा, कोतवाली, सदर व उदेई थाना पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने जिला अस्पताल में घायलों से बातचीत की और पुरानी सब्जी मंडी क्षेत्र का निरीक्षण किया।
पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और हमलावरों का सुराग जुटाने के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
पुरानी रंजिश की आशंका
पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में मामला किसी पुरानी रंजिश से जुड़ा हुआ लग रहा है, लेकिन वास्तविक कारण जांच के बाद ही सामने आएगा। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
गंगापुर सिटी में यह फायरिंग वारदात दिनभर चर्चा में रही और लोग हमलावरों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
- Advertisement -















































