स्कूल की शिक्षिका पर छात्राओं से डंडे से मारपीट का आरोप

0
5
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

12वीं की दो छात्राओं के साथ मारपीट का मामला आया सामने, अभिभावकों ने शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन से की कार्रवाई की मांग

नागौर। जिले के ग्राम बाराणी स्थित राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल में छात्राओं के साथ कथित मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। विद्यालय में कार्यरत तृतीय श्रेणी शिक्षिका रंजना पर कक्षा 12वीं में अध्ययनरत दो छात्राओं के साथ डंडे से मारपीट करने का आरोप लगा है। घटना में एक छात्रा के हाथ में गंभीर चोट आई है, जबकि दूसरी छात्रा के अंगूठे में चोट लगने की जानकारी सामने आई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक छात्रा की तबीयत अचानक खराब हो गई थी। उसे उल्टी होने की स्थिति में वह अपनी एक साथी छात्रा को साथ लेकर कक्षा से बाहर गई थी। आरोप है कि इसी दौरान शिक्षिका ने दोनों छात्राओं के हाथों पर डंडे से मारपीट की। घटना के बाद एक छात्रा के हाथ में गंभीर चोट आई। परिजनों के अनुसार, जांच में हाथ में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई है। वहीं दूसरी छात्रा के अंगूठे में भी चोट आई है।

घटना की जानकारी मिलने पर दोनों छात्राओं के अभिभावक उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां एक्स-रे सहित आवश्यक चिकित्सकीय जांच करवाई गई। इसके बाद ग्रामीणों और अभिभावकों ने विद्यालय परिसर पहुंचकर विद्यालय प्रशासन के समक्ष पूरे मामले को उठाया।

बताया गया कि उस समय विद्यालय की प्रधानाचार्य अवकाश पर थीं। वहीं, मौके पर मौजूद अन्य स्टाफ की ओर से भी अभिभावकों को कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिलने का आरोप लगाया गया है। इससे अभिभावकों और ग्रामीणों में नाराजगी है।

अनुशासन के नाम पर मारपीट कैसे स्वीकार्य?

अभिभावकों का कहना है कि यदि किसी विद्यार्थी से कोई गलती होती है तो उसे समझाना और जरूरत पड़ने पर उसके अभिभावकों को सूचना देना विद्यालय प्रशासन की जिम्मेदारी है। बच्चों के साथ डंडे से मारपीट करना किसी भी परिस्थिति में उचित नहीं है। शिक्षा के मंदिर में इस प्रकार की घटना छात्राओं की सुरक्षा और विद्यालयों के अनुशासन पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

सरकार और शिक्षा विभाग से कार्रवाई की मांग

इस मामले में राजस्थान सरकार, शिक्षा विभाग और नागौर जिला प्रशासन से निष्पक्ष एवं तत्काल जांच करवाने की मांग की गई है। अभिभावकों ने संबंधित शिक्षिका के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने, विद्यालय प्रशासन को कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा घायल छात्राओं का समुचित उपचार और आवश्यक सहायता सुनिश्चित करने की मांग उठाई है।

साथ ही विद्यालयों में छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अनुशासन के नाम पर होने वाली शारीरिक हिंसा पर प्रभावी रोक लगाने की अपील की गई है।

अभिभावकों ने स्पष्ट कहा कि बच्चों के साथ किसी भी प्रकार की मारपीट या दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अब देखना होगा कि शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन इस गंभीर शिकायत पर क्या कदम उठाते हैं।

बच्चों को शिक्षा और संस्कार चाहिए, हिंसा नहीं। छात्राओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

- Advertisement -
Previous articleमहात्मा गांधी राजकीय विद्यालय कोल्वी में किया गया बाल मेले का आयोजन 
loktodaynews
लोक टुडे न्यूज़ - जनता की आवाज़ लोक टुडे न्यूज़ का उद्देश्य निष्पक्ष और तथ्यपरक पत्रकारिता के माध्यम से आमजन की आवाज़ को सत्ता के गलियारों तक पहुंचाना है। हम जनहित के मुद्दों, जनसमस्याओं और देश-दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को बिना किसी पूर्वाग्रह के प्रस्तुत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। लोक टुडे के नाम से दैनिक एवं पाक्षिक समाचार पत्र और YouTube न्यूज़ चैनल भी संचालित हैं। आप भी बनें लोक टुडे का हिस्सा। अपनी खबरें, फोटो और जनसमस्याएं हमें भेजें। प्रधान संपादक: नीरज मेहरा स्थान: जयपुर, राजस्थान मोबाइल: 9829708129, 8209477614 ईमेल: neerajmehra445@gmail.com | loktodaynews@gmail.com लोक टुडे न्यूज़ - आपकी आवाज़, हमारा संकल्प।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here