लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा (दुर्योधन मयंक)। उनियारा पंचायत समिति के सभी 23 वार्डों के चुनाव परिणाम घोषित हो गए हैं। चुनाव में कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 14 सीटों पर जीत दर्ज की और स्पष्ट बहुमत हासिल किया। भाजपा को 6 सीटों से संतोष करना पड़ा, जबकि 3 वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की।
वार्डवार परिणामों में कांग्रेस ने शुरुआत से ही बढ़त बनाए रखी। वार्ड 1 में कांग्रेस के रविन्द्र सिंह ने भाजपा के गोकिल गुर्जर को 1,037 मतों से हराया। वार्ड 2 में मथरा ने जैना देवी को 324 मतों से और वार्ड 3 में समोदरा ने बसपा की ममता को 73 मतों से पराजित किया। वार्ड 4 में निर्दलीय रामगणेश ने कांग्रेस के बाबूलाल को 333 मतों से हराया।
भाजपा ने वार्ड 5 में राजेंद्र, वार्ड 6 में शेर सिंह, वार्ड 7 में हेमंत कुमार सैनी और वार्ड 9 में कन्हैया लाल माली की जीत के साथ अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश की। वहीं वार्ड 8 में कांग्रेस की एकता ने जीत दर्ज की। वार्ड 10 में कांग्रेस की कल्पना बाई मीना ने भाजपा की संतरा को 151 मतों से हराया। वार्ड 11 में हरीश कुमार मीना ने 119 मतों से जीत हासिल की, जबकि वार्ड 12 में निर्दलीय सुरता देवी ने भाजपा की प्रभा को 295 मतों से शिकस्त दी।
वार्ड 13 में कांग्रेस की रईसा, वार्ड 14 में राजकमल और वार्ड 15 में मुरता ने जीत दर्ज की। वार्ड 16 में निर्दलीय कमोद ने कांग्रेस की मनबाई को 649 मतों से हराकर जीत हासिल की।
वार्ड 17 का मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। यहां भाजपा के नंद किशोर ने कांग्रेस के गजानंद को महज 3 मतों से हराया। वार्ड 18 में भाजपा के राजेश ने कांग्रेस के प्रेमराज मीना को 97 मतों से पराजित किया।
अंतिम पांच वार्डों में कांग्रेस ने सभी सीटों पर जीत दर्ज की। वार्ड 19 में सुनील युगल ने 160 मतों से, वार्ड 20 में सुरभि ने 1,004 मतों से, वार्ड 21 में चंदा कुमारी ने 158 मतों से, वार्ड 22 में संजू ने 62 मतों से और वार्ड 23 में रामजीलाल ने 341 मतों से जीत हासिल की।
बहुमत के साथ कांग्रेस का प्रधान पद पर दावा मजबूत
उनियारा पंचायत समिति के नतीजों ने कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत की स्थिति में पहुंचा दिया है। 23 में से 14 सीटें जीतकर कांग्रेस ने प्रधान पद पर अपना दावा मजबूत कर लिया है। भाजपा को 6 और निर्दलीयों को मिली 3 सीटों के बाद अब सबकी निगाहें प्रधान पद के चुनाव पर रहेंगी।
























































