जयपुर स्थापना दिवस के जश्न के बीच न्यू सांगानेर रोड पर उजड़े आशियाने

0
4
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

बोले—पुनर्वास और मुआवजे के बिना दशकों पुरानी दुकानों-मकानों पर बुलडोजर चलाना अन्याय, कांग्रेस सड़कों पर उतरकर करेगी संघर्ष

जयपुर। जयपुर स्थापना दिवस पर एक तरफ भाजपा सरकार जश्न मना रही है, वहीं दूसरी तरफ न्यू सांगानेर रोड पर कई दशकों से बसे लोगों के मकान और दुकानें तोड़कर उन्हें उजाड़ा जा रहा है। यह कैसा विकास और कैसा उत्सव है? यह सवाल पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास ने उठाते हुए राज्य की भाजपा सरकार पर निशाना साधा।

खाचरियावास ने न्यू सांगानेर रोड पर की गई तोड़फोड़ को गैरकानूनी और जनविरोधी बताते हुए कहा कि किसी भी व्यक्ति का मकान या दुकान तोड़ने से पहले उसके पुनर्वास और मुआवजे की व्यवस्था की जानी चाहिए। दुकान के बदले दुकान और मकान के बदले मकान देने के बाद ही ऐसी कार्रवाई होनी चाहिए थी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने प्रभावित लोगों को राहत देने के बजाय उनके आशियाने और रोजगार के साधन छीन लिए।

कांग्रेस सरकार के समय पुनर्वास का दिया उदाहरण

खाचरियावास ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में न्यू सांगानेर रोड पर मेट्रो और सड़क चौड़ीकरण के कार्यों के दौरान प्रभावित लोगों के पुनर्वास और मुआवजे की व्यवस्था की गई थी। इसी तरह झोटवाड़ा में सड़क चौड़ीकरण से पहले 735 दुकानदारों को लोहा मंडी में दुकानें और मकान उपलब्ध कराए गए, उसके बाद तोड़फोड़ की गई।

उन्होंने कहा कि पुनर्वास और मुआवजे से जुड़े प्रावधान होने के बावजूद भाजपा सरकार ने प्रभावित परिवारों के हितों का ध्यान नहीं रखा। उनके अनुसार, सरकार ने हाईकोर्ट में सड़क चौड़ीकरण और तोड़फोड़ के पक्ष में एफिडेविट दिया, जबकि प्रभावित लोगों को राहत देने के विकल्प मौजूद थे।

मुख्यमंत्री और विधायक पर भरोसा तोड़ने का आरोप

खाचरियावास ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और क्षेत्रीय विधायक गोपाल शर्मा पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता ने भाजपा सरकार पर भरोसा जताया था, लेकिन सरकार ने लोगों की दुकानें और मकान तोड़कर उन्हें बेघर कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा भी नहीं दिया गया। यह जनता के विश्वास के साथ धोखा है।

कांग्रेस करेगी आंदोलन

कांग्रेस नेता ने कहा कि एक तरफ जयपुर की स्थापना और विकास का उत्सव मनाया जा रहा है, दूसरी तरफ शहर के पुराने बाशिंदों को उनके घरों और दुकानों से बेदखल किया जा रहा है। कांग्रेस पार्टी प्रभावित लोगों के अधिकारों की लड़ाई लड़ेगी और इस कार्रवाई के खिलाफ सड़कों पर उतरकर संघर्ष करेगी।

- Advertisement -
Previous articleसुखोदय तीर्थ सूथड़ा में अष्टानिका महापर्व पर उमड़े श्रद्धालु
loktodaynews
लोक टुडे न्यूज़ - जनता की आवाज़ लोक टुडे न्यूज़ का उद्देश्य निष्पक्ष और तथ्यपरक पत्रकारिता के माध्यम से आमजन की आवाज़ को सत्ता के गलियारों तक पहुंचाना है। हम जनहित के मुद्दों, जनसमस्याओं और देश-दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को बिना किसी पूर्वाग्रह के प्रस्तुत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। लोक टुडे के नाम से दैनिक एवं पाक्षिक समाचार पत्र और YouTube न्यूज़ चैनल भी संचालित हैं। आप भी बनें लोक टुडे का हिस्सा। अपनी खबरें, फोटो और जनसमस्याएं हमें भेजें। प्रधान संपादक: नीरज मेहरा स्थान: जयपुर, राजस्थान मोबाइल: 9829708129, 8209477614 ईमेल: neerajmehra445@gmail.com | loktodaynews@gmail.com लोक टुडे न्यूज़ - आपकी आवाज़, हमारा संकल्प।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here