लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सीसीटीवी निगरानी और 24 घंटे कंट्रोल रूम से होगी मॉनिटरिंग
अजमेर से नितिन मेहरा
अजमेर। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) की सैकण्डरी एवं सीनियर सैकण्डरी परीक्षाएं आज से प्रदेशभर में प्रारंभ हो गई हैं। बोर्ड प्रशासन ने परीक्षा के सफल एवं निष्पक्ष संचालन के लिए सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं।
बोर्ड प्रशासक एवं संभागीय आयुक्त शक्ति सिंह राठौड़ तथा बोर्ड सचिव गजेन्द्र सिंह राठौड़ ने परीक्षा व्यवस्थाओं का अंतिम निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
19 लाख 90 हजार से अधिक परीक्षार्थी पंजीकृत
इस वर्ष कुल 19 लाख 90 हजार 57 परीक्षार्थी बोर्ड परीक्षाओं में शामिल होंगे। प्रदेश के 6194 परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा आयोजित की जाएगी।
बोर्ड सचिव गजेन्द्र सिंह राठौड़ ने बताया कि—
-
सैकण्डरी परीक्षा में 10 लाख 68 हजार 109 विद्यार्थी
-
सीनियर सैकण्डरी परीक्षा में 9 लाख 10 हजार 9 विद्यार्थी
-
प्रवेशिका परीक्षा में 7 हजार 817 विद्यार्थी
-
वरिष्ठ उपाध्याय वर्ग में 4 हजार 122 विद्यार्थी
पंजीकृत किए गए हैं।

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी से निगरानी
परीक्षा को नकल रहित और पारदर्शी बनाने के लिए विशेष सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।
-
सभी परीक्षा केन्द्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी
-
उड़नदस्तों की तैनाती
-
विशेष निरीक्षण दलों की नियुक्ति
-
जिलों में अभय कमांड सेंटर से मॉनिटरिंग
बोर्ड सचिव ने बोर्ड कार्यालय स्थित कंट्रोल रूम एवं सीसीटीवी कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। यहां पर्याप्त संख्या में कार्मिकों की तैनाती की गई है।
24 घंटे सक्रिय रहेगा कंट्रोल रूम
परीक्षा संचालन के दौरान बोर्ड कार्यालय में 24 घंटे कंट्रोल रूम कार्यरत रहेगा। परीक्षा संबंधी किसी भी शिकायत के लिए अभिभावक एवं विद्यार्थी निम्न दूरभाष नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं:
0145-2632866
0145-2632867
0145-2632668
0145-4083549
0145-4083550
ईमेल: ddexamfirst@gmail.com
बोर्ड सचिव ने कहा कि शिकायत दर्ज कराते समय शिकायतकर्ता अपना नाम, पता एवं मोबाइल नंबर अवश्य दर्ज कराएं तथा शिकायत का क्रमांक प्राप्त करें।

विद्यार्थियों से अपील
बोर्ड प्रशासन ने परीक्षार्थियों से समय से परीक्षा केंद्र पर पहुंचने और बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन करने की अपील की है। परीक्षाओं के सफल, निष्पक्ष और पारदर्शी आयोजन के लिए शिक्षक, केंद्राध्यक्ष और प्रशासनिक अधिकारी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं।















































