लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा
भरतपुर। शहर के मथुरा गेट थाना क्षेत्र स्थित कृष्णा नगर में एसबीआई बैंक के सामने एक खाली प्लॉट में युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही मथुरा गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
मथुरा गेट थाने में तैनात एएसआई राकेश मान ने बताया कि पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि कृष्णा नगर स्थित एक प्लॉट में एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
जांच के दौरान मृतक के हाथ पर ‘शंकर’ नाम लिखा हुआ मिला, जिसके आधार पर उसकी पहचान शंकर पुत्र बच्चू सिंह निवासी हरिजन बस्ती, बिजलीघर, थाना मथुरा गेट, भरतपुर के रूप में की गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आरबीएम अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। एफएसएल टीम ने मौके का सूक्ष्म निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एवं नमूने एकत्र किए।
फिलहाल युवक की मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।


















































