“भजनलाल–राजे” संग BJP का संतुलन साधने का गणित!

0
147
- Advertisement -
लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
अहसास की कलम से………..
अंता उपचुनाव:
बारां ज़िले की अंता विधानसभा सीट इस वक़्त राजस्थान की सियासत का सबसे चर्चित अखाड़ा बन चुकी है। कांग्रेस और बीजेपी के बीच सीधी लड़ाई तो दिख रही है, मगर मैदान के तीसरे कोने पर निर्दलीय नरेश मीणा की मौजूदगी ने इस जंग को त्रिकोणीय और अप्रत्याशित बना दिया है।
बीजेपी ने मंगलवार को अपने 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की, और इस लिस्ट ने प्रदेश की राजनीतिक हवा में नई हलचल पैदा कर दी।
सूची में पहला नाम मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का है … स्वाभाविक भी है, पार्टी की साख अब उन्हीं के चेहरे पर टिकी है।
दूसरे नंबर पर प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, तीसरे पर प्रदेश प्रभारी राधामोहनदास अग्रवाल …. और फिर चौथे स्थान पर वह नाम, जिसकी चर्चा सबसे ज़्यादा है
* पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे।*
राजे का नाम इस लिस्ट में होना कोई नई बात नहीं, लेकिन “चौथे नंबर” पर दिया गया स्थान एक संकेत जरूर देता है …..
पार्टी संगठन भले नया चेहरा आगे कर रहा हो, मगर “पुराने ब्रांड राजे” की चमक अब भी मतदाताओं के मानस पर गहरी है।
अंता सीट पर वसुंधरा राजे का अच्छा खासा प्रभाव है। यही कारण है कि बीजेपी भले न माने, लेकिन अंता का चुनाव सिर्फ़ “एक सीट” नहीं, बल्कि “राजे की प्रासंगिकता” की भी परीक्षा बन गया है।
राजे के समर्थक इसे संगठन की “नरमी” कह रहे हैं, जबकि विरोधी इसे “ज़रूरी मजबूरी” बता रहे हैं।
पार्टी को यह भी मालूम है कि बिना राजे के प्रभाव और स्थानीय समीकरणों की समझ के, मीणा–बहुल इस क्षेत्र में जीत आसान नहीं।
भले ही नेतृत्व की कमान नई पीढ़ी के हाथ में हो, मगर ज़मीन पर पुराने रिश्ते और पहचान ही काम आते हैं .. और ये कार्ड सिर्फ़ राजे के पास है।
भजनलाल सरकार इस चुनाव को अपनी नीतियों की पहली परीक्षा मान रही है, जबकि वसुंधरा खेमे के लिए यह राजनीतिक पुनर्स्थापना का अवसर है।
संगठन इस बार “संतुलन साधने” की पूरी कोशिश में है …
ऊपर भजनलाल की छवि, बीच में राठौड़ की नई ऊर्जा, और नीचे राजे की जमीनी पकड़।
लेकिन सवाल यही है ….
क्या “एक चौथा नंबर” वसुंधरा राजे के “पहले नंबर” वाले प्रभाव को कम कर पाएगा?
या फिर, अंता से उठेगा वही पुराना नारा —
“राजस्थान में राजे फिर से!”
राजनीति के इस गणित में, हर समीकरण में “राजे का नाम” अभी भी सबसे बड़ा स्थायी मान है।
- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here