लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
भगवान बिरसा मुंडा के प्रेरणादायी जीवन को जन-जन तक पहुंचाएं — मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
जयपुर ।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर 1 नवम्बर से 15 नवम्बर तक प्रदेशभर में जनजाति गौरव वर्ष के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन आयोजनों को भव्य और प्रेरणादायी रूप में मनाते हुए भगवान बिरसा मुंडा के त्याग, संघर्ष और योगदान को जन-जन तक पहुँचाया जाए।
मुख्यमंत्री शर्मा बुधवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में आयोजित तैयारी समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आजादी के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा के योगदान को स्मरण करते हुए हर वर्ष 15 नवम्बर को ‘जनजाति गौरव दिवस’ के रूप में मनाने की घोषणा की थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष 1 से 15 नवम्बर तक आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में
-
आदि हाट वन धन केंद्रों पर जनजातीय उत्पादों का प्रदर्शन,
-
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य शिविर,
-
जनजाति सांस्कृतिक कार्यक्रम,
-
भाषण एवं निबंध प्रतियोगिताएं,
-
कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम,
-
ग्रामीण सेवा शिविर
आदि गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने प्रत्येक गतिविधि के सफल क्रियान्वयन हेतु नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 15 नवम्बर को राज्य स्तरीय जनजाति गौरव वर्ष समारोह का भी आयोजन किया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रमों को सुव्यवस्थित रूप से आयोजित करने और सचिव स्तर पर मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि सभी जिला कलक्टर, स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ सहभागिता कर इन कार्यक्रमों को सफल बनाएं।
जनजाति बहुल जिलों में स्वयंसेवी संस्थाओं व भामाशाहों के सहयोग से नवाचारों को प्रोत्साहित किया जाए तथा भगवान बिरसा मुंडा के जीवन पर आधारित साहित्य प्रकाशन भी किया जाए ताकि नई पीढ़ी उनके जीवन से प्रेरणा ले सके।
बैठक में जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी, मुख्य सचिव सुधांश पंत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
वीसी के माध्यम से जनजाति क्षेत्र के जिलाधिकारियों ने भी बैठक में भाग लिया और तैयारियों की जानकारी साझा की।


















































