लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
बंडोली के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में हुआ सराहनीय उपहार वितरण कार्यक्रम
सेमारी (सलूम्बर जिला) ।
सराड़ा तहसील के आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, बंडोली में सोमवार को एक प्रेरणादायक पहल देखने को मिली। क्षेत्र के भामाशाहों ने विद्यालय के बच्चों को स्वेटर और स्मार्ट टीवी भेंट किए, जिससे बच्चों के चेहरों पर खुशी झलक उठी।
विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों को भामाशाह कालू पटेल द्वारा स्वेटर वितरित किए गए, ताकि वे ठंड और सर्दी से सुरक्षित रह सकें। इस पहल को स्थानीय लोगों ने सराहा।
वहीं मोहनलाल पटेल, दलजी पटेल और लालजी पटेल ने बच्चों की आधुनिक शिक्षा में भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से विद्यालय को एलईडी स्मार्ट टीवी भेंट किया। उन्होंने कहा कि “आज के डिजिटल युग में बच्चों को तकनीकी रूप से शिक्षित करना समय की आवश्यकता है।”
कार्यक्रम की अध्यक्षता पीईईओ भावना गुप्ता ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे भामाशाह प्रेरक लालचंद मीणा और प्रधानाध्यापक ने अतिथियों का स्वागत किया।
इस अवसर पर विद्यालय का पूरा शिक्षक स्टाफ और स्थानीय ग्रामीणजन उपस्थित रहे तथा बच्चों को प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम का समापन सभी भामाशाहों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए किया गया।

















































