लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
जयपुर। (रूपनारायण सांवरिया)
अंता विधानसभा उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी के मीडिया, सोशल मीडिया एवं आईटी विभाग की एक महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को प्रदेश मुख्यालय, जयपुर में आयोजित की गई।
बैठक में उपचुनाव के दौरान पार्टी की प्रचार रणनीति, जनसंदेश अभियान, मीडिया समन्वय एवं सोशल मीडिया की भूमिका को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
विकास, सुशासन और पारदर्शिता को जनता तक पहुंचाना लक्ष्य
बैठक की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश मंत्री एवं मीडिया, सोशल मीडिया व आईटी विभाग प्रभारी पिंकेश पोरवाल ने की।
उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में विकास, सुशासन और पारदर्शिता के संदेश को जनता तक पहुँचाने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
पोरवाल ने बताया कि अंता उपचुनाव में भाजपा की मीडिया और आईटी टीमें पार्टी की जनकल्याणकारी नीतियों और उपलब्धियों को जनता के बीच प्रभावी रूप से प्रसारित करेंगी।
उन्होंने कहा कि बूथ स्तर तक डिजिटल नेटवर्क को सशक्त किया जाएगा और जनता के साथ सीधे संवाद को प्राथमिकता दी जाएगी।
विपक्ष के भ्रामक प्रचार का तथ्यात्मक उत्तर
बैठक में यह भी तय किया गया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर विपक्ष के भ्रामक प्रचार और दुष्प्रचार का तथ्यात्मक और रचनात्मक उत्तर दिया जाएगा, ताकि जनता तक सही जानकारी पहुँच सके।
बैठक में उपस्थित प्रमुख पदाधिकारी
बैठक में प्रदेश मीडिया संयोजक प्रमोद वशिष्ठ, सोशल मीडिया संयोजक हीरेंद्र कौशिक और आईटी संयोजक अविनाश जोशी ने अपने-अपने विभागों की कार्य योजना, रणनीति और आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा की।
प्रमोद वशिष्ठ ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता घर-घर जाकर केंद्र और राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं की जानकारी देंगे और अंता उपचुनाव में पार्टी की ऐतिहासिक विजय सुनिश्चित करेंगे।
बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि भाजपा का मीडिया और आईटी नेटवर्क आने वाले उपचुनाव में सशक्त प्रचार तंत्र के रूप में कार्य करेगा, ताकि पार्टी का संदेश हर मतदाता तक सटीक रूप में पहुँचे।


















































