लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सरमथुरा (धौलपुर)। आँगई थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 230 ग्राम अवैध गांजा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
आँगई थानाधिकारी कृपाल सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन में जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पार्वती बांध के पास नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 230 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी रामबाबू, निवासी गांव जिंदापुरा, को मौके से गिरफ्तार कर बरामद गांजा जब्त कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान शुरू कर दिया है।
थानाधिकारी कृपाल सिंह ने बताया कि क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे मामलों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के दौरान थानाधिकारी कृपाल सिंह सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे।
















































