लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
श्रीरामचरितमानस अखंड पाठ का शुभारंभ
पादूकलां। कस्बे के मेला मैदान स्थित सियाराम धाम में पूज्य गुरु सियारामदास जी महाराज की 21वीं पुण्यतिथि (बरसी) के अवसर पर मंगलवार से दो दिवसीय धार्मिक महोत्सव का शुभारंभ श्रद्धा, भक्ति और वैदिक परंपरा के साथ हुआ। प्रतिमा पूजन, वैदिक मंत्रोच्चार और श्रीरामचरितमानस के अखंड पाठ के साथ पूरा सियाराम धाम राममय वातावरण में सराबोर हो गया।
कार्यक्रम की शुरुआत गुरु महाराज की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा श्रीरामचरितमानस की विशेष पूजा-अर्चना से हुई। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अखंड श्रीरामचरितमानस पाठ प्रारंभ किया गया।
मुख्य यजमान मेहराम चौधरी (रानीगांव) ने गौरी-गणेश पूजन, गुरु सियारामदास जी महाराज की प्रतिमा एवं श्रीरामचरितमानस का विधिवत पूजन कर धार्मिक अनुष्ठान का शुभारंभ किया। कार्यक्रम महामंडलेश्वर श्रीसंतदासजी महाराज एवं महंत राधादास त्यागी जी महाराज के सानिध्य में आयोजित हो रहा है।
आचार्य रितेश शास्त्री (भैरूंदा) के निर्देशन में पंडित लोकेश शर्मा, पंडित शुभम शर्मा, पंडित भरत पारीक, पंडित हर्षित पाराशर एवं पंडित पुष्कर गौड़ ने वैदिक विधि-विधान से पूजन एवं श्रीरामचरितमानस पाठ संपन्न कराया। संतों ने अपने प्रवचनों में गुरु परंपरा, सेवा, संस्कार और धर्म के महत्व पर प्रकाश डालते हुए श्रद्धालुओं से श्रीरामचरितमानस के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
धार्मिक आयोजन के दौरान दिनभर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। महिलाओं ने मंगल गीत गाए, जबकि भजन-कीर्तन और रामधुन से पूरा परिसर भक्तिमय बना रहा।
आयोजन समिति के अनुसार बुधवार को महोत्सव के दूसरे दिन गुरु पूजन, प्रतिमा पर पुष्पांजलि, बालिका भोज, संत प्रवचन, महाआरती, विशाल भंडारा तथा आसपास के क्षेत्रों से आने वाले साधु-संतों की उपस्थिति में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।


















































