लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर निकाली प्रतीकात्मक शव यात्रा
लोसल (सीकर) से ओम प्रकाश सैनी
लोसल (सीकर)। नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन के समर्थन में लोसल कस्बे में एसएफआई (SFI) और डीवाईएफआई (DYFI) कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। दिल्ली में संसद मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में छात्र और युवा संगठनों ने आक्रोश रैली निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन की शुरुआत अंबेडकर सर्किल से हुई, जहां से कार्यकर्ता रैली के रूप में मुख्य बस स्टैंड पहुंचे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की प्रतीकात्मक शव यात्रा निकाली और मुख्य बस स्टैंड चौराहे पर उनका पुतला दहन किया।
केंद्र सरकार के खिलाफ लगाए नारे
प्रदर्शन के दौरान एसएफआई और डीवाईएफआई कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वक्ताओं ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है और सरकार को इस मामले में जवाबदेही तय करनी चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कार्रवाई लोकतांत्रिक अधिकारों के खिलाफ है।
आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि देश का युवा अब अपने अधिकारों को लेकर जागरूक हो चुका है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान अपने पद से इस्तीफा नहीं देते, तब तक छात्र और युवा संगठनों का आंदोलन जारी रहेगा।
इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र, युवा कार्यकर्ता और संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी सतर्क रहा।
















































