युवती को भगाने के आरोप में बासनी थाने का घेराव, परिजनों ने निष्पक्ष जांच की मांग

0
23
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

जोधपुर। जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट के बासनी थाना क्षेत्र में एक युवती के घर से जाने के मामले को लेकर मंगलवार देर रात तनावपूर्ण स्थिति बन गई। युवती के परिजनों और समाज के लोगों ने बासनी पुलिस थाने का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया तथा युवती की शीघ्र बरामदगी और मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।

परिजनों का आरोप है कि एक युवक ने युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। उन्होंने इसे गंभीर मामला बताते हुए दावा किया कि युवती को मानसिक रूप से प्रभावित (ब्रेनवॉश) किया गया। वहीं कुछ प्रदर्शनकारियों ने इसे “लव जिहाद” का मामला बताते हुए युवक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

दूसरी ओर, पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

थाने के घेराव की सूचना मिलने पर एसीपी (पश्चिम) दीपक कुमार मीणा मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया। इस दौरान भाजपा जिला उपाध्यक्ष संपत सिंह मंडोर, दशरथ प्रजापत सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

परिजनों का आरोप है कि उनकी शिकायत के बावजूद पुलिस ने समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की, जिसके कारण युवक और युवती घर से चले गए। उन्होंने युवती की सुरक्षित बरामदगी और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग दोहराई।

पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त किया कि युवक और युवती की तलाश के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है और दोनों का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।

परिजनों के अनुसार, जिस युवक पर आरोप लगाया गया है, वह गंगाणा क्षेत्र का निवासी है, जबकि युवती सांगरिया क्षेत्र की रहने वाली है।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here