लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
महाराजा गज सिंह व महारानी हेमलता राज्ये ने किया शुभारंभ
जोधपुर। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से बुधवार को जोधपुर स्थित उम्मेद भवन पैलेस के मुख्य द्वार के सामने विशेष पौधारोपण अभियान आयोजित किया गया। इस दौरान महाराजा गज सिंह और महारानी हेमलता राज्ये ने पौधे लगाकर अभियान का शुभारंभ किया। कार्यक्रम के तहत विभिन्न प्रजातियों के 75 पौधों का रोपण किया गया।
इस अवसर पर महाराजा गज सिंह ने कहा कि यदि पर्यावरण को बचाना है तो अधिक से अधिक पौधे लगाना और उनका संरक्षण करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने समाज के प्रत्येक व्यक्ति से पौधारोपण करने और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि उम्मेद भवन पैलेस होटल एवं हाउसहोल्ड की ओर से लगाए गए पौधों में बड़े आकार के पौधों को प्राथमिकता दी गई है, ताकि वे शीघ्र वृक्ष का रूप लेकर हरियाली और स्वच्छ वातावरण में योगदान दे सकें। उन्होंने कहा कि जहां पहले बबूल के पेड़ थे, वहां अब विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए हैं।
महाराजा गज सिंह ने बताया कि उम्मेद भवन पैलेस और उससे जुड़े विभिन्न ट्रस्ट समय-समय पर पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण अभियान चलाते रहे हैं। इससे पहले उम्मेद भवन पैलेस के तालाब क्षेत्र और मेहरानगढ़ की पहाड़ियों पर भी बड़े स्तर पर पौधारोपण किया गया, जिसके सकारात्मक परिणाम आज दिखाई दे रहे हैं।
महारानी हेमलता राज्ये ने कहा कि धरती को हरा-भरा और पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण करना आवश्यक है। उन्होंने लोगों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
कार्यक्रम में उम्मेद भवन पैलेस होटल के महाप्रबंधक अमित सिंह ने भी पौधारोपण किया।
75 पौधों में शामिल रहीं विभिन्न प्रजातियां
अभियान के दौरान गुलमोहर, कचनार, नीम, अमलतास, करंज तथा बोगनवेलिया सहित विभिन्न प्रजातियों के कुल 75 पौधे लगाए गए।
अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी निभाई भागीदारी
पौधारोपण कार्यक्रम में उम्मेद भवन पैलेस होटल के एग्जीक्यूटिव शेफ एलंगावन शनमुगन, डायरेक्टर (एफ एंड बी) कपिल दीक्षित, डायरेक्टर (एचआर) नीतीश विलियमसन, डायरेक्टर ऑफ रूम्स गौरव समतानी, हाउसहोल्ड से फारूक अहमद खान, कल्याण सिंह राठौड़, करण सिंह भाटी, हरि सिंह, ओमप्रकाश गेपाला सहित होटल एवं हाउसहोल्ड के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
















































