उदयपुर में मुख्यमंत्री ने किया शहरी सेवा शिविर का निरीक्षण

0
57
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

उदयपुर/जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को उदयपुर विकास प्राधिकरण परिसर में आयोजित शहरी सेवा शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने लाभार्थियों से संवाद कर राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और शिविरों के संचालन को लेकर फीडबैक भी लिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं और सरकारी सेवाओं का लाभ पहुंचाना है। इसी लक्ष्य के तहत प्रदेशभर में शहरी एवं ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि शिविरों में प्राप्त होने वाली सभी परिवेदनाओं का गंभीरता से निस्तारण किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। जिन मामलों में अतिरिक्त जांच या प्रक्रिया की आवश्यकता हो, उनके लिए फॉलोअप शिविर आयोजित किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बुजुर्गों, दिव्यांगजनों, महिलाओं और वंचित वर्गों सहित सभी पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। साथ ही पार्क, सड़क, नाली, सीवरेज, बिजली और अन्य नगरीय सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान पर भी विशेष ध्यान दिया जाए।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की स्टॉल्स का अवलोकन किया तथा लाभार्थियों को पट्टे, प्रमाण पत्र, भवन निर्माण स्वीकृति पत्र, सहायता राशि के चेक और दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए। लाभार्थियों ने राज्य सरकार की इस पहल के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी, राजस्व मंत्री हेमंत मीणा, विधायक ताराचंद जैन, फूल सिंह मीणा, उदयलाल डांगी, श्रीचंद कृपलानी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here