लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
12 नवंबर को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन, 11 दिसंबर तक दावे-आपत्तियां; पात्र युवाओं का पंजीकरण सुनिश्चित करने के लिए राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील
नागौर। (प्रदीप कुमार डागा)
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 1 जनवरी 2027 की पात्रता तिथि के आधार पर फोटोयुक्त मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर नागौर में तैयारियां शुरू हो गई हैं। जिला कलेक्टर देवेंद्र कुमार की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित कर पुनरीक्षण कार्यक्रम की समय-सारणी और आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई।
बैठक में जिला कलेक्टर ने बताया कि जिले में नव मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए अब तक कुल 22,239 आवेदन प्राप्त हुए हैं। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से युवाओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए जागरूक करने और प्रेरित करने का आह्वान किया, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित नहीं रहे।
12 नवंबर को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन
जिला कलेक्टर ने बताया कि निर्वाचन विभाग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार एकीकृत मतदाता सूचियों का प्रारूप प्रकाशन 12 नवंबर 2026 को किया जाएगा। इसके बाद 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी।
प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। वहीं, मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को होगा।
मतदान केंद्रों पर बीएलए नियुक्त करने की अपील
मतदाता सूचियों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और सभी पात्र नागरिकों का पंजीकरण करवाने के लिए जिला कलेक्टर ने प्रत्येक मतदान केंद्र पर बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त करने की आवश्यकता बताई।
उन्होंने राजनीतिक दलों से शेष मतदान केंद्रों पर बीएलए की नियुक्ति शीघ्र करवाने तथा नियुक्ति संबंधी मूल प्रपत्र जिला निर्वाचन अधिकारी अथवा संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को उपलब्ध कराने का आग्रह किया।
ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, नाम हटवाने अथवा दर्ज विवरण में संशोधन के लिए निर्धारित अवधि में प्रारूप 6, 7 और 8 के माध्यम से आवेदन किया जा सकेगा।
इसके लिए मतदाता वोटर सर्विस पोर्टल, ECINet ऐप, संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय अथवा बूथ लेवल अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं।
पात्र मतदाताओं का पंजीकरण जरूरी
जिला कलेक्टर देवेंद्र कुमार ने राजनीतिक दलों से पुनरीक्षण कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाने और पात्र नागरिकों को जागरूक करने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में पंजीकरण आवश्यक है।
बैठक में भारतीय जनता पार्टी के गोविंद प्रकाश सोनी, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के किशनाराम पिण्डेल, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के कोषाध्यक्ष भानु प्रकाश, सुरेंद्र महिया सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।




















































