लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
श्रीगंगानगर। जिले में पिछले चार दिनों से मानसून पूरी तरह मेहरबान है। श्रीगंगानगर, पदमपुर, रायसिंहनगर, अनूपगढ़, सादुलशहर, सूरतगढ़ और श्रीकरणपुर सहित जिले के कई क्षेत्रों में लगातार अच्छी बारिश का दौर जारी है। शनिवार को श्रीकरणपुर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में तेज बारिश शुरू हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया।
करीब 20 मिनट तक लगातार हुई मध्यम से तेज बारिश ने उमस और गर्मी से लोगों को बड़ी राहत दी। बारिश के चलते कई क्षेत्रों में सड़कों पर पानी भर गया, जबकि ठंडी हवाओं से मौसम पूरी तरह बदल गया।
खरीफ फसलों के लिए संजीवनी बनी बारिश
लगातार हो रही बारिश से किसानों के चेहरों पर खुशी लौट आई है। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार यह बारिश कपास, बाजरा, मूंग, ग्वार और अन्य खरीफ फसलों के लिए बेहद लाभकारी मानी जा रही है। समय पर हुई वर्षा से फसलों की बढ़वार बेहतर होने की उम्मीद है।
मौसम विभाग ने जारी किया पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार जिले में अगले कुछ घंटों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। प्रशासन ने लोगों से जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने और अनावश्यक रूप से पानी भरे रास्तों से गुजरने से बचने की अपील की है।
















































