लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
झूठ के बल पर अराजकता फैलाना चाहती है कांग्रेस :— अश्विनी वैष्णव
भाजपा ने लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान के तहत निकाली पदयात्रा
जयपुर,। (रूपनारायण सांवरिया)भारतीय जनता पार्टी के लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान के तहत गुरुवार को जयपुर के रामलीला मैदान से त्रिपोलिया गेट तक पदयात्रा निकाली गई। पदयात्रा में केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव,प्रदेश प्रभारी संजय भाटिया, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और संगठन महामंत्री अजेय कुमार सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल हुए। पदयात्रा से पूर्व रामलीला मैदान में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कांग्रेस पर तीखे हमले किए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एसआईआर को लेकर झूठ फैलाकर अराजकता पैदा करना चाहती है। कांग्रेस शासनकाल में 10 बार एसआईआर हो चुकी है, ईवीएम भी उन्हीं की देन है, और आज वे केवल अराजकता फैलाने के लिए और मुद्दा विहीन होने के कारण वे लोकतांत्रिक संस्थाओं पर एवं संविधान की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाने का महापाप कर रहे है।
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि मतदाता सूची के शुद्धिकरण की प्रक्रिया पहले भी होती रही है। ईवीएम पर सवाल उठाने वाली कांग्रेस को चुनाव परिणामों के समय अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए। वैष्णव ने राहुल गांधी को चुनौती देते हुए कहा कि चर्चा सोशल मीडिया पर नहीं, सदन में होनी चाहिए और वे संसद में आकर बहस कऱें ? वैष्णव ने अग्निवीर योजना पर कहा कि कांग्रेस शुरुआत से ही इस योजना पर सवाल उठाती रही है, जबकि इसमें दो साल का एक्सटेंशन दिए जाने से युवाओं में उत्साह है।
भाजपा प्रदेश प्रभारी संजय भाटिया ने कहा कि आज हम पदयात्रा के माध्यम से सड़क पर एक ऐसे झूठ के खिलाफ उतरे हैं, जिसे कांग्रेस बार-बार एसआईआर को लेकर फैला रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि घुसपैठियों के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं, जो देश में खतरा पैदा कर रहे हैं और देशवासियों के अवसर छीन रहे हैं, तो इंडी गठबंधन को इससे परेशानी क्यों है? इसी प्रकार, जिन लोगों का निधन हो चुका है, उनके नाम मतदाता सूची से हटाए जाने पर कांग्रेस को आपत्ति क्यों है? उन्होंने कहा कि झूठ बोलना, अराजकता फैलाना, बार-बार लोगों को भड़काना और किसानों को गुमराह करना कांग्रेस की राजनीति का हिस्सा बन गया है। कांग्रेस झूठ के सहारे सत्ता हासिल करना चाहती है।
उन्होंने कहा कि एमएलसी चुनाव बैलेट पेपर से हुए, लेकिन कांग्रेस वहां भी पूरी तरह विफल रही और उसे सफलता नहीं मिली। कांग्रेस यदि चुनाव प्रक्रिया और लोकतंत्र पर विश्वास नहीं करती, तो फिर चुनाव में हिस्सा क्यों लेती है? जब कांग्रेस चुनाव जीतती है, तो जीत का जश्न मनाती है, लेकिन जहां हारती है, वहां चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाने लगती है और गड़बड़ी के आरोप लगाती है। कांग्रेस को इस दोहरे रवैये पर आत्मचिंतन करना चाहिए।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि विपक्ष सत्ता प्राप्त करने के लिए बिन पानी मछली की तरह तड़प रहा है। विपक्ष के नेता अराजकता फैलाकर सत्ता हासिल करना चाहते हैं। जंतर-मंतर पर पूरे देश ने देखा कि किस प्रकार भाड़े के लोगों को लाकर प्रदर्शन किया गया। उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस ऐसे लोगों के साथ खड़ी है, जो भगवान श्रीराम को गाली देते हैं, राष्ट्र के टुकड़े करने की बात करते हैं और राष्ट्रीय गीत का अपमान करते हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ऐसे लोगों के साथ खड़े नजर आते हैं।
राठौड़ ने कहा कि दिल्ली में हुए प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी के एक महिला पुलिसकर्मी की पीठ पर हाथ रखने की घटना शर्मनाक है। ऐसे आचरण वाले व्यक्ति को नेता प्रतिपक्ष कहते हुए भी शर्म आती है। उन्होंने कहा कि सत्ता के लिए देश विभाजन का काम कांग्रेस ने किया था और आज सत्ता के लिए देश में अराजकता फैलाने भी कांग्रेस कर रही है। राठौड़ ने कहा कि राहुल गांधी जैसे लोगों के लिए ही बाबा साहब ने भविष्यवाणी करते हुए कहा था कि लोकतंत्र के फैसले संसद में ही होते है, जिस दिन सड़क पर फैसले लेने की बात आने लगेगी, तो लोकतंत्र नहीं अराजकता की स्थिति होगी।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जनसभा में कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि आज वह कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र की बात कर रही है, जिसने कई बार लोकतंत्र का गला घोंटा है। उन्होंने जोधपुर की सभा का जिक्र करते हुए कहा कि मैंने वहां कुछ कहा था, उसी में तिलमिला उठे। सच तो अभी और बाकी है, आगे आगे देखिए होता है क्या। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के दौरान आरपीएससी सदस्य की नियुक्ति,विशेषाधिकारी की स्वीकारोक्ति, तत्कालीन मंत्री के जेल जाने और जल जीवन मिशन में घोटाले को लेकर कांग्रेस आरोप से बचने की जगह जवाब दें।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि आज कांग्रेस में होड़ मची है कि कौन क्या बोले और मुख्यमंत्री उस पर जवाब दें, ताकि उसका राजनीतिक कद बढ़ जाए, लेकिन राजनीतिक कद बयान देने या जवाब पाने से नहीं, बल्कि जनता के बीच जाकर काम करने से बढ़ता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को 34 महीने बनाम पांच साल के कार्यकाल का हिसाब भी जनता के सामने रखा जाना चाहिए। हमने पहले भी कांग्रेस का चुनौती दी है कि वे आए और सदन में बहस करें लेकिन वे सदन में चर्चा करने के लिए तैयार नहीं होते। उन्हें पता है कि 5 साल के कार्यकाल के दौरान जनता का शोषण के अलावा कोई काम नहीं किया।
पदयात्रा रामलीला मैदान से शुरू होकर चौड़ा रास्ता होते हुए त्रिपोलिया गेट तक पहुंची। इस दौरान पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी, डॉ अरूण चतुर्वेदी, प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा, कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़, सांसद मंजू शर्मा सहित पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




















































