लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ यात्रा पर कांग्रेस नेता का हमला, बोले— जनता को राजनीतिक दिखावा नहीं, रोजगार और महंगाई से राहत चाहिए
जयपुर। (रूपनारायण सांवरिया)
पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास ने जयपुर में भाजपा सरकार की ओर से निकाली गई ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पैदल यात्रा पर तीखा हमला बोलते हुए इसे पूरी तरह फ्लॉप बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार के राजनीतिक दिखावे की पोल खुल गई है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उनके मंत्री और पूरी सरकार मिलकर भी यात्रा में अपेक्षित भीड़ नहीं जुटा पाए।
खाचरियावास ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार है, मुख्यमंत्री भाजपा के हैं और पुलिस-प्रशासन भी सरकार के नियंत्रण में है। इसके बावजूद मुख्यमंत्री को जनता का समर्थन नहीं मिल रहा है। जयपुर में निकाली गई पैदल यात्रा भाजपा की राजनीतिक हताशा को उजागर करती है।
लोकतंत्र बचाने के नाम पर राजनीतिक नाटक
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा खुद लोकतंत्र और संविधान को कमजोर करने का काम कर रही है, जबकि अब ‘लोकतंत्र बचाओ’ के नाम पर राजनीतिक नाटक कर रही है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की बात करने वाली भाजपा को पहले अपनी नीतियों और कार्यप्रणाली पर विचार करना चाहिए। विपक्ष की आवाज दबाने के बजाय सरकार को जनता के सवालों का जवाब देना चाहिए।
बेरोजगारी, महंगाई और गरीबी पर सरकार को घेरा
खाचरियावास ने कहा कि प्रदेश में गरीबी, बेरोजगारी और महंगाई लगातार बढ़ रही है। युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं और उनके सपनों को कुचला जा रहा है, लेकिन सरकार को आमजन की समस्याओं की चिंता नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार का ध्यान जनता को राहत देने के बजाय राजनीतिक दिखावे और सत्ता बचाने पर केंद्रित है। प्रदेश के युवाओं, गरीबों और आम नागरिकों को सरकार से ठोस समाधान की उम्मीद है, लेकिन उन्हें केवल भाषण और यात्राएं दिखाई दे रही हैं।
भ्रष्टाचार के आरोप, जनता के मुद्दों से ध्यान भटकाने का दावा
कांग्रेस नेता ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा के नेता, मंत्री और विधायक भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता के वास्तविक मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए इस तरह की राजनीतिक यात्राओं का सहारा लिया जा रहा है।
खाचरियावास ने कहा कि विपक्ष लगातार सड़कों पर उतरकर सरकार को आईना दिखा रहा है और चेतावनी दे रहा है कि लोकतंत्र तथा संविधान के खिलाफ नीतियां अपनाना बंद किया जाए।
जनता अब राजनीतिक दिखावे में नहीं आएगी
खाचरियावास ने कहा कि भाजपा सरकार का राजनीतिक मानसिक संतुलन बिगड़ चुका है। जनता अब राजनीतिक नाटकों में आने वाली नहीं है। लोगों को भाषण, प्रचार और दिखावे की बजाय रोजगार, महंगाई से राहत, भ्रष्टाचार पर कार्रवाई और अपने अधिकारों की सुरक्षा चाहिए।
उन्होंने दावा किया कि जयपुर में भाजपा की पैदल यात्रा जनता के बीच पूरी तरह बेअसर रही और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी लोगों का समर्थन जुटाने में सफल नहीं हुए।
कांग्रेस नेता ने कहा कि सरकार को राजनीतिक यात्राओं के बजाय जनता की समस्याओं के समाधान पर ध्यान देना चाहिए। लोकतंत्र में सरकार की असली ताकत जनता का विश्वास होता है, और यह विश्वास केवल काम से हासिल किया जा सकता है।




















































