लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)।
उनियारा उपखंड क्षेत्र के सबसे बड़े बस स्टैंड पर इन दिनों यात्रियों की भारी भीड़ देखी जा रही है। पांच दिवसीय दीपोत्सव की समाप्ति के बाद से रोडवेज बसों में यात्रियों की रेलमपेल बनी हुई है। बसों में सीट के लिए यात्रियों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति तक उत्पन्न हो रही है।
यात्रियों की इस बढ़ती संख्या से रोडवेज प्रशासन को सामान्य दिनों की तुलना में अधिक यात्री भार मिला है।
रोडवेज के चालक और परिचालकों का कहना है कि दीपावली के तुरंत बाद से यात्रियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। वहीं, आगामी 2 नवम्बर को देवउठनी एकादशी के साथ मांगलिक कार्यों की शुरुआत होने के कारण यात्रियों की भीड़ और बढ़ गई है।
सबसे अधिक भीड़ कोटा और जयपुर मार्ग की बसों में देखने को मिली।
गौरतलब है कि उनियारा से होकर दो राष्ट्रीय राजमार्ग — नंबर 116 और 148D तथा उनियारा-इन्द्रगढ़ स्टेट हाईवे नंबर 29 गुजरते हैं। इन मार्गों पर प्रतिदिन सुबह 8 बजे से रात 12 बजे तक करीब 85 बसें संचालित होती हैं, जिनसे हजारों यात्री आवागमन करते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दीपावली के बाद और देवउठनी एकादशी के पूर्व, यह भीड़ हर वर्ष सामान्य रूप से बढ़ जाती है, जिससे रोडवेज बस स्टैंडों पर अव्यवस्था की स्थिति भी बन जाती है।



















































