लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
तृतीय श्रेणी शिक्षकों ने सौंपा ज्ञापन
गंगधार (झालावाड़)। रीट-2024 के तहत नई नियुक्तियों से पहले तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण पर लगी रोक हटाने की मांग को लेकर तृतीय श्रेणी शिक्षक संघर्ष समिति के बैनर तले शिक्षकों ने मुख्यमंत्री के नाम उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में शिक्षकों ने कहा कि राज्य सरकार ने हाल ही में कार्मिक विभाग के माध्यम से अधिकांश विभागों और संवर्गों के स्थानांतरण पर लगी रोक हटाकर तबादले किए हैं, लेकिन तृतीय श्रेणी शिक्षक (लेवल-1 एवं लेवल-2), पीटीआई, प्रबोधक, लैब असिस्टेंट, प्रयोगशाला सहायक और पुस्तकालयाध्यक्ष को इससे बाहर रखा गया है। शिक्षकों ने इसे अन्यायपूर्ण और भेदभावपूर्ण निर्णय बताया।
शिक्षकों का कहना है कि तृतीय श्रेणी शिक्षक संवर्ग पिछले आठ वर्षों से स्थानांतरण की सुविधा से वंचित है। वहीं, वर्ष 2008 से नियुक्त डार्क जोन और 2012 से सामान्य जिलों में नियुक्त कई शिक्षक अब भी अपने तबादले का इंतजार कर रहे हैं।
रीट नियुक्तियों से पहले तबादले की मांग
संघर्ष समिति ने मांग की कि रीट-2024 के तहत नई नियुक्तियां जारी करने से पहले तृतीय श्रेणी शिक्षक संवर्ग के स्थानांतरण खोले जाएं, ताकि वर्षों से दूरदराज क्षेत्रों में कार्यरत शिक्षकों को राहत मिल सके और उन्हें पारदर्शी तरीके से स्थानांतरण का अवसर मिले।
आंदोलन की चेतावनी
ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि सरकार जल्द ही स्थानांतरण पर लगी रोक नहीं हटाती है, तो तृतीय श्रेणी शिक्षक संघर्ष समिति प्रदेशभर में आंदोलन करने को मजबूर होगी।
















































