लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
डग ब्लॉक की स्वास्थ्य सेवाओं को मिली बड़ी उपलब्धि, टीमवर्क और गुणवत्तापूर्ण सेवाओं का परिणाम
डग/झालावाड़। झालावाड़ जिले के डग ब्लॉक स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र कछनारा ने राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) के तहत राष्ट्रीय प्रमाणन प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ाया है। इस उपलब्धि को स्वास्थ्य सेवाओं में गुणवत्ता और बेहतर प्रबंधन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
यह उपलब्धि CMHO झालावाड़ डॉ. साजिद खान के दूरदर्शी नेतृत्व एवं कुशल मार्गदर्शन तथा डग BCMO डॉ. राजकुमार बागेला के निरंतर प्रयासों का परिणाम बताई गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने NQAS के निर्धारित गुणवत्ता मानकों को पूरा करने के लिए लगातार प्रयास किए।
टीम के समर्पण से मिली सफलता
PHC कछनारा के MOIC डॉ. हर्षित सैनी ने इस उपलब्धि के लिए ब्लॉक टीम एवं ब्लॉक मेंटर्स का विशेष आभार जताया। उन्होंने कहा कि निरंतर मार्गदर्शन, सहयोग और पूरी टीम की मेहनत से यह गौरवपूर्ण उपलब्धि हासिल हो सकी है।
उन्होंने PHC कछनारा की संपूर्ण टीम एवं सभी स्टाफ सदस्यों को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह प्रमाणन किसी एक व्यक्ति के प्रयास का परिणाम नहीं, बल्कि पूरी टीम के समर्पण, बेहतर समन्वय और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता का परिणाम है।
वहीं डॉ. अरविंद नागर ने कहा कि PHC कछनारा की टीम ने गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के लिए सराहनीय कार्य किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि स्वास्थ्य केन्द्र भविष्य में भी NQAS के गुणवत्ता मानकों को बनाए रखते हुए स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करता रहेगा।
NQAS राष्ट्रीय प्रमाणन मिलने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के प्रयासों को भी मजबूती मिलेगी।




















































