लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
सादुलशहर में नहर में बहकर आया भारी मात्रा में डोडा पोस्त, पुलिस ने भीड़ हटाई
मनजीत सिंह, ब्यूरो चीफ – श्रीगंगानगर।
श्रीगंगानगर जिले के सादुलशहर क्षेत्र में गुरुवार सुबह केएसडी नहर में उस समय हड़कंप मच गया जब नहर के पानी के साथ भारी मात्रा में साबुत डोडा पोस्त बहकर आया।
जैसे ही लोगों को इसकी जानकारी मिली, आसपास के ग्रामीण डोडा पोस्त निकालने के लिए नहर किनारे जुट गए और बड़ी मात्रा में इसे एकत्र कर घरों में ले गए।
डोडा पोस्त निकालने उमड़ी भीड़
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 8 बजे भाखड़ा नहर से निकलने वाली केएसडी नहर में डोडा पोस्त बहकर आया। कुछ ही देर में इसकी खबर पूरे इलाके में फैल गई।
लोग अपने बर्तन और बोरे लेकर पहुंचे और नहर से डोडा पोस्त निकालने में लग गए।
हालांकि, राजस्थान में डोडा पोस्त प्रतिबंधित पदार्थ है, इसके बावजूद बड़ी संख्या में ग्रामीण इसे नहर से इकट्ठा करते नजर आए।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ हटाई
सूचना मिलने पर सादुलशहर पुलिस मौके पर पहुंची और नहर किनारे लगी भीड़ को हटाया।
पुलिस ने नहर से निकले डोडा पोस्त के सैंपल लिए और मामले की जांच शुरू की है।
पंजाब या राजस्थान — स्रोत अब तक अस्पष्ट
बताया जा रहा है कि केएसडी नहर संगरिया की दिशा से आती है, लेकिन अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि डोडा पोस्त राजस्थान की तरफ से आया या पंजाब से बहकर आया।
फिलहाल प्रशासन इस पूरे मामले की जांच में जुटा है कि यह नशीला पदार्थ नहर में कैसे और कहां से आया।
स्थानीय लोगों में चर्चा का विषय
घटना के बाद से क्षेत्र में नहर में नशेले पदार्थ के बहकर आने की चर्चा बनी हुई है। कुछ लोगों ने बताया कि पहले कभी ऐसा मामला सामने नहीं आया था।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि डोडा पोस्त जैसे प्रतिबंधित पदार्थ को न छुएं और तुरंत प्रशासन को सूचना दें।


















































