लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का नई दिल्ली दौरा
राजस्थान के विकास को नए आयाम देने के लिए केंद्र के साथ हुई सार्थक चर्चा
नई दिल्ली/जयपुर ।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात कर राजस्थान के शहरी विकास, ऊर्जा, जल परियोजनाओं और कौशल विकास से जुड़े विषयों पर विस्तृत चर्चा की।
उन्होंने केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल, केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल और केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी से भेंट कर राज्य की विकास योजनाओं को गति देने पर विचार-विमर्श किया।
सौर ऊर्जा व विद्युत निकासी को लेकर अहम चर्चा
बैठक में मुख्यमंत्री ने बताया कि राजस्थान में सौर ऊर्जा की असीम संभावनाएं हैं। इस पर केंद्रीय ऊर्जा मंत्री के साथ विद्युत निकासी प्रणाली को सुदृढ़ करने पर विस्तृत चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री ने जयपुर मेट्रो के चरण-2 की डीपीआर स्वीकृति को लेकर भी विषय उठाया।
बैठक में बताया गया कि किसानों के हित में टॉवर बेस मुआवजा दर डीएलसी दर के 400 प्रतिशत तक बढ़ाई गई है। वहीं कॉरिडोर मुआवजा ग्रामीण क्षेत्रों में 30%, नगरपालिका क्षेत्रों में 45% और नगर निगम क्षेत्रों में 60% निर्धारित किया गया है।
इसके साथ ही जयपुर और अजमेर डिस्कॉम्स की एटी एंड सी हानियों में निरंतर कमी दर्ज की गई है और आरडीएसएस योजना के क्रियान्वयन की गति में सुधार हुआ है।
जल परियोजनाओं पर केंद्र से सहयोग की चर्चा
मुख्यमंत्री शर्मा ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल से मुलाकात कर प्रदेश की जल आपूर्ति और संचयन परियोजनाओं पर चर्चा की।
दोनों नेताओं के बीच फिरोजपुर फीडर रिलाइनिंग और रामजल सेतु लिंक परियोजना की प्रगति को लेकर सार्थक मंथन हुआ।
केंद्रीय मंत्री ने प्रदेश में चल रहे ‘कर्मभूमि से मातृभूमि’ अभियान की भी सराहना की।
राजस्थान को स्किल डवलपमेंट हब बनाने की दिशा में कदम
मुख्यमंत्री शर्मा ने केंद्रीय कौशल विकास राज्य मंत्री जयंत चौधरी से मुलाकात कर राजस्थान को स्किल डवलपमेंट हब बनाने के रोडमैप पर चर्चा की।
दोनों नेताओं ने युवाओं के कौशल विकास और रोजगार सृजन के लिए राज्य–केंद्र साझेदारी को मजबूत करने पर सहमति जताई।
















































