लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)।
मोक्षदा एकादशी और गीता जयंती के अवसर पर काशीपुरी धाम स्थित श्री श्याम मंदिर में आयोजित संगीतमय श्री श्याम संकीर्तन भजन संध्या में शहरभर से आए श्रद्धालुओं ने बड़ी श्रद्धा के साथ सहभागिता की। भजन गायक सुधीर पारीक (भीलवाड़ा) की भक्ति-लहरियों ने पूरे पंडाल को श्याम भक्ति से सराबोर कर दिया।
जैसे ही उन्होंने ‘तेरी मैया को मैं भूल न पाऊँ गिरधर श्याम’, ‘मेरा अंबर भी श्याम तेरा’ और ‘श्याम तेरा दीवाना…’ जैसे भजन प्रस्तुत किए, भक्त झूम उठे और मोबाइल फ्लैशलाइट से वातावरण और अधिक दिव्य बन गया।
अध्यक्ष सुरेश पोद्धार ने कहा कि काशीपुरी धाम में प्रतिवर्ष होने वाला यह संकीर्तन भक्तों को अद्भुत आध्यात्मिक अनुभूति कराता है। मोक्षदा एकादशी का महत्व बताते हुए उन्होंने कहा कि इसी दिन भगवान श्रीकृष्ण ने कुरुक्षेत्र में अर्जुन को श्रीमद्भगवद्गीता का ज्ञान दिया था।
मंदिर प्रांगण को फूलों, दीपों और आकर्षक लाइटिंग से सजाया गया। कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी किया गया, जिसे हजारों भक्तों ने ऑनलाइन देखा।
समिति द्वारा प्रसाद, पानी, सुरक्षा और पार्किंग की उत्तम व्यवस्थाएँ की गईं।
दिनभर मंदिर में गीता पाठ, विष्णु पूजा, दीपदान और मंत्रजाप चलता रहा। अंत में आरती और प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।
भक्तजन देर रात तक श्याम नाम में भाव-विभोर होकर इस पावन रात को यादगार बनाते रहे।














































