लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पहले चरण में 17 जिलों में 8 अक्टूबर से प्रक्रिया शुरू, 13 अक्टूबर तक नामांकन
दूसरे चरण में 7, तीसरे में 16 और चौथे चरण में सलूंबर जिला परिषद का चुनाव
जयपुर। राजस्थान में पंचायत राज संस्थाओं के आम चुनाव 2026 को लेकर चुनावी प्रक्रिया तेज हो गई है। राज्य निर्वाचन आयोग ने जिला परिषद सदस्यों के चुनाव के लिए चार चरणों का संशोधित कार्यक्रम जारी कर दिया है। आयोग के आदेश के मुताबिक अलग-अलग चरणों में मतदाता सूची से लेकर नामांकन, नाम वापसी और चुनाव चिह्न आवंटन की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

17 जिलों में पहले चरण की शुरुआत
पहले चरण में अजमेर, अलवर, बाड़मेर, भीलवाड़ा, बीकानेर, डूंगरपुर, जयपुर, जैसलमेर, झालावाड़, जोधपुर, फलोदी, कोटा, नागौर, पाली, राजसमंद, सिरोही और उदयपुर जिला परिषदों के चुनाव होंगे।
इन जिलों के लिए 8 अक्टूबर 2026 को लोक सूचना जारी की जाएगी।
नाम निर्देशन पत्र दाखिल करने की अंतिम तारीख 13 अक्टूबर, दोपहर 3 बजे तक रहेगी। नामांकन पत्रों की जांच 14 अक्टूबर को होगी, जबकि नाम वापसी की अंतिम तारीख 15 अक्टूबर, दोपहर 3 बजे निर्धारित की गई है। इसके तत्काल बाद चुनाव चिह्न आवंटित कर चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची प्रकाशित की जाएगी।

दूसरे चरण में 7 जिले
बांसवाड़ा, दौसा, कोटपूतली-बहरोड़, जालोर, झुंझुनूं, करौली और सीकर में दूसरे चरण की प्रक्रिया चलेगी।
यहां 13 अक्टूबर को लोक सूचना जारी होगी। नामांकन की अंतिम तारीख 16 अक्टूबर, दोपहर 3 बजे है। नामांकन पत्रों की जांच 17 अक्टूबर को होगी और नाम वापसी 19 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे तक की जा सकेगी। इसके बाद चुनाव चिह्न आवंटित होंगे।
तीसरे चरण में 16 जिलों की बारी
तीसरे चरण में ब्यावर, खैरथल-तिजारा, बारां, बालोतरा, भरतपुर, बूंदी, चित्तौड़गढ़, चूरू, धौलपुर, हनुमानगढ़, डीग, डीडवाना-कुचामन, प्रतापगढ़, सवाई माधोपुर, श्रीगंगानगर और टोंक शामिल हैं।
इन जिलों में 19 अक्टूबर को लोक सूचना जारी होगी। नामांकन की अंतिम तारीख 23 अक्टूबर, दोपहर 3 बजे है। जांच 24 अक्टूबर को और नाम वापसी 26 अक्टूबर, दोपहर 3 बजे तक होगी। इसके बाद चुनाव चिह्न आवंटित कर अंतिम सूची जारी की जाएगी।
सलूंबर में चौथे चरण की प्रक्रिया
सलूंबर जिला परिषद के लिए चौथे चरण में चुनाव प्रक्रिया शुरू होगी। यहां 31 अक्टूबर को लोक सूचना जारी होगी। नामांकन की अंतिम तारीख 4 नवंबर, दोपहर 3 बजे निर्धारित है। नामांकन पत्रों की जांच 5 नवंबर को होगी और नाम वापस लेने की अंतिम तारीख 6 नवंबर, दोपहर 3 बजे रहेगी। उसी दिन नाम वापसी का समय समाप्त होते ही चुनाव चिह्न आवंटित कर अभ्यर्थियों की सूची जारी की जाएगी।
चार जिला परिषदों के प्रधान-उपप्रधान चुनाव अलग
राज्य निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि बारां, श्रीगंगानगर, करौली और कोटा जिला परिषदों के प्रमुख/उपप्रमुख तथा संबंधित पंचायत समितियों के प्रधान/उपप्रधान का पंचवर्षीय कार्यकाल दिसंबर 2026 में पूरा होगा। इसलिए इन पदों के आम चुनाव की तारीखों का निर्धारण अलग से किया जाएगा।
आयोग ने जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चुनाव प्रक्रिया पूरी कराई जाए।
यानी राजस्थान में पंचायत चुनाव की राजनीतिक जमीन अब सक्रिय हो चुकी है। अलग-अलग चरणों में नामांकन शुरू होने के साथ गांवों से लेकर जिला परिषदों तक दावेदारों की दौड़ तेज होने वाली है।
























































