लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नागौर (प्रदीप कुमार डागा)। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने रविवार को अपने नागौर स्थित आवास पर जनसुनवाई कर विभिन्न जिलों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर बात कर जनसमस्याओं के प्राथमिकता से समाधान के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में विभिन्न संगठनों और नागरिकों ने सांसद को अलग-अलग मुद्दों पर ज्ञापन सौंपे। भांकरोटा अग्निकांड में बहादुरी दिखाने वाले शेष कांस्टेबलों को पदोन्नति देने की मांग प्रमुख रही। वहीं राजस्थान फार्मासिस्ट कर्मचारी संघ (एकीकृत), जिला नागौर ने कर्मचारियों से जुड़ी मांगों का ज्ञापन सौंपा। इसके अलावा राष्ट्रीय पशुधन मिशन योजना के तहत राजस्थान की सीईसी में लंबित लगभग 419 परियोजनाओं के शीघ्र निस्तारण की मांग भी उठाई गई।
किसानों ने भी अपनी समस्याएं सांसद के समक्ष रखीं। उन्होंने खनिज परिवहन में उपयोग होने वाली ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को परिवहन विभाग की ब्लैकलिस्ट से हटाने की मांग की। इसके अलावा सड़क, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं से संबंधित समस्याओं को लेकर भी लोगों ने ज्ञापन दिए।
गुमशुदा व्यक्ति की तलाश के लिए मांगी मदद
जनसुनवाई के दौरान नागौर लोकसभा क्षेत्र के ग्राम कूणी चौसला (तहसील नावां, जिला डीडवाना-कुचामन) निवासी पेमाराम के परिजनों ने भी सांसद से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि पेमाराम कुछ दिन पहले ट्रेन यात्रा के दौरान लापता हो गए थे। परिजनों ने उनकी जल्द तलाश करवाने की गुहार लगाई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सांसद हनुमान बेनीवाल ने रेलवे के महाप्रबंधक और जीआरपी अधिकारियों से दूरभाष पर बात कर गुमशुदा व्यक्ति की शीघ्र तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया।
सांसद ने आश्वासन दिया कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों के साथ लगातार समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी।
















































