लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर (रूपनारायण सांवरिया)। आगामी नगर निगम और पंचायत राज चुनावों की तैयारियों के बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने टिकट वितरण को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि लोकसभा और विधानसभा चुनावों में पार्टी के साथ “गद्दारी” करने वाले लोगों को आगामी निकाय चुनावों में टिकट नहीं मिलेगा।
सिविल लाइंस विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कार्यकर्ता सभा एवं संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खाचरियावास ने कहा कि जिन कार्यकर्ताओं ने कठिन समय में कांग्रेस और राहुल गांधी का साथ दिया, टिकट वितरण में उन्हें प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि जो लोग अब पार्टी में शामिल हुए हैं, उन्हें पहले अपनी निष्ठा और प्रतिबद्धता साबित करनी होगी।
संगठन मजबूत करने पर दिया जोर
खाचरियावास ने कार्यकर्ताओं से वार्ड, बूथ और भाग संख्या स्तर तक संगठन को मजबूत करने, आमजन से लगातार संपर्क बनाए रखने तथा कांग्रेस की नीतियों को घर-घर पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि कार्यकर्ता पूरी ताकत और एकजुटता के साथ चुनाव मैदान में उतरेंगे तो निकाय और पंचायत राज चुनावों में कांग्रेस का प्रदर्शन बेहतर रहेगा।
भाजपा पर साधा निशाना
पूर्व मंत्री ने दावा किया कि प्रदेश में भाजपा सरकार की “उल्टी गिनती” शुरू हो चुकी है और जनता बदलाव चाहती है। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी स्थानीय निकाय चुनावों में कांग्रेस के बोर्ड बनेंगे और पार्टी मजबूत वापसी करेगी।
कार्यकर्ताओं को दिया भरोसा
खाचरियावास ने कहा कि यदि भाजपा सरकार कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ अन्याय या उत्पीड़न करती है तो वे स्वयं उनके साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से किसी भी प्रकार का भय न रखने की अपील करते हुए कहा कि पार्टी अपने कार्यकर्ताओं के साथ मजबूती से खड़ी है।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस किसी भी कार्यकर्ता पर होने वाले अत्याचार को बर्दाश्त नहीं करेगी।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने आगामी नगर निगम और पंचायत राज चुनावों में कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।















































