लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
डग ,झालावाड़ : झालावाड़ जिले के डग क्षेत्र में गरोठ–उज्जैन फोरलेन पर देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जैन तीर्थ घसोई सुवासरा से दर्शन कर उज्जैन लौट रहे श्रद्धालुओं की अर्टिगा कार लोडिंग ट्रैक्टर से टकरा गई, जिससे कार में सवार राहुल जैन की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही डग पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस की सहायता से उज्जैन भेजा गया। गंभीर रूप से घायल युवक मनोज बाफना ने उज्जैन ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
हादसे में घायल एक महिला और एक पुरुष को अत्यधिक गंभीर अवस्था में इंदौर हाई सेंटर रेफर किया गया है।
दुर्घटना के लिए सड़क विभाग को जिम्मेदार ठहराया
परिजनों का आरोप है कि सड़क विभाग की लापरवाही और इस मार्ग पर लोडिंग ट्रैक्टर जैसे भारी वाहनों के संचालन की अनुमति ही इस हादसे का कारण बनी।
जैन सोशल ग्रुप ने दी सांत्वना
सूचना मिलने पर जैन सोशल ग्रुप के राजेंद्र कुमार जैन सहित कई लोग डग अस्पताल पहुंचे। उन्होंने परिजनों को सांत्वना दी और पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के सुपुर्द किए।
हादसे के सभी पीड़ित मध्यप्रदेश के धार जिले के निवासी बताए जा रहे हैं, जो धार्मिक यात्रा के दौरान जैन तीर्थ दर्शन कर लौट रहे थे।














































