लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)। शहर में दीपोत्सव के दूसरे दिन गोवर्धन महाराज की पूजा का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। शहर के विभिन्न इलाकों — माली मोहल्ला, फुलवारी गेट, बावड़ी का चौक, खतौली दरवाजा, भूतेश्वर गेट — में सामूहिक रूप से महिलाओं ने पूजा-अर्चना की।
महिलाओं ने सुंदर चुनरी पहनकर गोवर्धन महाराज का श्रृंगार किया और परिक्रमा करते हुए पूजा-अर्चना की। घरों के बाहर गाय के गोबर से छोटे गोवर्धन पर्वत बनाए गए और उन्हें फूलों व रंग-बिरंगी रंगोली से सजाया गया। इसके बाद विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई।
श्रद्धालु रमेश जांगिड़ ने बताया कि पुराने समय में कथा के अनुसार इंद्रदेव ने बारिश कर ब्रज को नष्ट करने का प्रयास किया था। तब भगवान श्री कृष्ण ने पर्वत उठाकर सबकी रक्षा की। तभी से सनातनी परंपरा के अनुसार परिवार और प्रकृति की समृद्धि के लिए गोवर्धन पूजा की जाती है।
भक्तों ने परिक्रमा करते हुए भजन जैसे “श्री गोवर्धन महाराज थारे माथे मुकुट विराज रे” गाए। इस अवसर पर नवविवाहितों में विशेष उत्साह देखा गया। कार्यक्रम में संतोष जांगिड़, चंद्रकला शर्मा, रेखा सैनी, सावित्री शर्मा, सुमन शर्मा, छवि जांगिड़, सुमित्रा सैनी, कमला सैनी, पिंकी गौतम, सुमित्रा जांगिड़, रेखा गौतम, मीनू शर्मा, वर्षा शर्मा, कल्पना, खुशी आरती सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिलाएं उपस्थित रहीं।













































