लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जयपुर। ( रूपनारायण सांवरिया)
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने एसएमएस अस्पताल में हुई हृदयविदारक दुर्घटना को अत्यंत दुखद बताया और कहा कि राज्य सरकार इस घटना को पूरी संवेदनशीलता और गंभीरता से ले रही है।
राठौड़ ने कहा कि भाजपा सरकार की ओर से इस मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए गए हैं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि जांच पूरी पारदर्शिता और गहनता से की जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त की जाएं।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा इस दुखद घटना की जानकारी मिलते ही रात्रि 2 बजे स्वयं एसएमएस अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं की समीक्षा की और घायलों के समुचित उपचार एवं परिजनों को हरसंभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री का यह सक्रिय और मानवीय दृष्टिकोण जनता के प्रति उनकी गहरी संवेदनशीलता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं न हों और अस्पतालों में सुरक्षा के सभी मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए।
राठौड़ ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि “यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि विपक्ष इस तरह के संवेदनशील मुद्दे पर भी राजनीति करने का प्रयास कर रहा है।” उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं पर राजनीतिक लाभ-हानि के बजाय एकजुट होकर सुधार और समाधान की दिशा में काम करने की आवश्यकता है।
अंत में मदन राठौड़ ने कहा कि राज्य सरकार हर पीड़ित तक राहत पहुँचाने और आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए पूरी तरह तत्पर है। उन्होंने अपील की कि इस घटना को राजनीति से ऊपर उठकर मानवता के दृष्टिकोण से देखा जाए ताकि राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्थाएं और मजबूत एवं सुरक्षित बन सकें।











































