लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
श्रीगंगानगर में अपराधियों के हौसले बुलंद, पुलिस की निष्क्रियता पर उठे सवाल
मनजीत सिंह, ब्यूरो चीफ — श्रीगंगानगर।
श्रीगंगानगर शहर में अपराधियों के हौसले दिन-ब-दिन बढ़ते जा रहे हैं। बुधवार को बीरबल चौक के पास गली नंबर 2 में सरेआम गुंडागर्दी का गंभीर मामला सामने आया, जहाँ जीनगर समाज के युवक टेकचंद पर करीब 15 लोगों ने मिलकर जानलेवा हमला कर दिया।
हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल जिला अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घायल के भाई ने लगाया पुलिस पर लापरवाही का आरोप
घायल युवक के भाई इमीचंद डालिया ने बताया कि उनके भाई पर लगभग 15 लोगों ने मिलकर बुरी तरह हमला किया। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के 2 से 3 घंटे बाद तक पुलिस का कोई अधिकारी या कर्मचारी मौके पर या अस्पताल में नहीं पहुंचा।
इमीचंद ने कहा कि इतनी गंभीर घटना के बावजूद पुलिस की देरी और निष्क्रियता से परिवार बेहद आक्रोशित है।
कानून-व्यवस्था पर उठ रहे सवाल
स्थानीय लोगों ने कहा कि श्रीगंगानगर में बीते कुछ महीनों से अपराधिक घटनाओं में तेजी आई है। आए दिन हो रही वारदातें शहर की कानून व्यवस्था पर सवालिया निशान लगा रही हैं।
लोगों का कहना है कि शहर अब अपराधियों और नशे के कारोबारियों का गढ़ बनता जा रहा है, जिस पर लगाम कसना पुलिस प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती बन चुका है।
क्या खत्म हो गया है पुलिस का खौफ?
इस घटना ने एक बार फिर यह स्पष्ट कर दिया है कि अपराधियों में पुलिस का कोई भय नहीं रह गया है। सरेआम मारपीट और खुलेआम गुंडागर्दी की ऐसी घटनाओं से शहरवासी दहशत में हैं और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।














































