लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
60 लाख रुपये की 115 ग्राम हेरोइन बरामद
मनजीत सिंह, ब्यूरो चीफ श्रीगंगानगर
श्रीगंगानगर। जिले में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ANTF टीम और श्रीकरणपुर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 60 लाख रुपये कीमत की 115 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है।
भारत माला हाईवे पर दबिश
पुलिस के अनुसार, सूचना के आधार पर ANTF टीम और श्रीकरणपुर पुलिस ने भारत माला नेशनल हाईवे-911 पर संयुक्त नाकाबंदी की। कार्रवाई के दौरान एक संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें हेरोइन बरामद हुई। इसके बाद मौके से चारों तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पंजाब से लाई गई थी हेरोइन
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी पंजाब से हेरोइन तस्करी कर राजस्थान ला रहे थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि सप्लाई चेन में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
पकड़े गए आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है:
-
रवि कुमार, निवासी साधुवाली
-
दिलप्रीत सिंह, वार्ड नंबर 11
-
गुरप्रीत सिंह, गांव 5PSDC
-
अनिल कुमार, निवासी 7KND रावला
पुलिस ने आरोपियों से एक कार भी जब्त की है, जिसका उपयोग तस्करी में किया जा रहा था।
मामला दर्ज, जांच जारी
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।















































