लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
अवैध ई-फार्मेसी और प्रिडेटरी प्राइसिंग के खिलाफ राष्ट्रव्यापी बंद का दिखा असर
कोटपूतली
राजस्थान केमिस्ट एलायंस एवं ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स (AIOCD) के आह्वान पर आज कोटपूतली में दवा व्यापार पूर्णतया शांतिपूर्ण ढंग से बंद रहा। राष्ट्रव्यापी बंद के समर्थन में जिलेभर के मेडिकल स्टोर संचालकों एवं दवा व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर विरोध दर्ज कराया।
केमिस्ट्स संगठनों ने अवैध ई-फार्मेसी संचालन, बड़े कॉरपोरेट्स द्वारा प्रिडेटरी प्राइसिंग के जरिए बाजार पर कब्जा करने की नीति तथा केंद्र सरकार की अधिसूचनाओं के विरोध में यह बंद आयोजित किया। बंद के दौरान कोटपूतली शहर सहित आसपास के क्षेत्रों में मेडिकल स्टोर बंद नजर आए और व्यापारियों ने एकजुटता दिखाते हुए आंदोलन का समर्थन किया।
दवा व्यापारियों का कहना है कि अवैध ई-फार्मेसी के कारण बिना चिकित्सकीय परामर्श के दवाओं की बिक्री बढ़ रही है, जिससे जनस्वास्थ्य पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा है। साथ ही बड़े कॉरपोरेट्स द्वारा भारी छूट देकर छोटे व्यापारियों को बाजार से बाहर करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे पारंपरिक दवा व्यापार प्रभावित हो रहा है।
केमिस्ट्स ने कहा कि औषधि व्यापार सीधे आमजन के स्वास्थ्य से जुड़ा विषय है और इसमें नियमों की अनदेखी गंभीर परिणाम पैदा कर सकती है। संगठन ने मांग की कि सरकार दवा व्यापार से जुड़े लंबित मुद्दों का शीघ्र समाधान करे तथा निष्पक्ष व्यापार व्यवस्था सुनिश्चित करे।
बंद के दौरान सुभाष चंद शर्मा, अचल गुप्ता, ओमशिव गुप्ता, अनिल मंगल, अशोक गुप्ता, अनिल मित्तल, आनंद पंडित, महा सिंह चौधरी, दीपक मित्तल, सुरेश कसाना एवं सुबेसिंह कसाना सहित अनेक दवा व्यापारी मौजूद रहे।




















































