लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
चौमहला (झालावाड़)। चौमहला-डग मार्ग पर रविवार दोपहर टोल नाके के समीप हुए सड़क हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
एएसआई मगनलाल ने बताया कि चौमहला से डग की ओर जा रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से आ रही बाइक टकरा गई। हादसे में बाइक सवार गोकुल सिंह (60) पुत्र गुमान सिंह सोंधिया राजपूत निवासी अलसिया, जिला आगर (मध्यप्रदेश) की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं बाइक पर सवार कालू सिंह (60) पुत्र मोती सिंह सोंधिया राजपूत निवासी अलसिया, जिला आगर (मध्यप्रदेश) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौमहला में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
चिकित्सकों ने जांच के बाद गोकुल सिंह को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। परिजनों के पहुंचने के बाद सोमवार सुबह पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।














































