लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
अजमेर। राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) द्वारा आयोजित उप-निरीक्षक (SI) भर्ती परीक्षा-2025 को निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए अजमेर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। जिला कलेक्टर लोक बंधु एवं पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने ‘राजस्थान सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम, 2022’ के तहत सभी प्रावधानों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
नकल रोकने के लिए त्रि-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था
परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की एंट्री से पहले मेटल डिटेक्टर से तीन स्तर पर जांच की जा रही है। साथ ही केंद्रों की वीडियोग्राफी डिजिटल मानकों के अनुरूप रियल-टाइम डेट और टाइम स्टैम्प के साथ सुनिश्चित की गई है।
ड्रेस कोड का सख्ती से पालन
नकल की संभावनाओं को रोकने के लिए प्रशासन ने सख्त ड्रेस कोड लागू किया है—
- पुरुष अभ्यर्थी: आधी आस्तीन की शर्ट/टी-शर्ट, पेंट या पायजामा एवं चप्पल
- महिला अभ्यर्थी: साड़ी या सलवार सूट (आधी आस्तीन) एवं साधारण रबर बैंड
जूते, पूरी आस्तीन के कपड़े, गहने, घड़ी, बेल्ट, चश्मा, बैग और किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है।
महिला अभ्यर्थियों के लिए विशेष व्यवस्था
एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने निर्देश दिए कि महिला अभ्यर्थियों की जांच के लिए पर्याप्त महिला पुलिसकर्मी तैनात रहें, जिससे जांच प्रक्रिया सहज और सुरक्षित तरीके से पूरी हो सके।
100 मीटर दायरे में सख्ती
परीक्षा केंद्रों के आसपास 100 मीटर की परिधि में स्थित साइबर कैफे और ई-मित्र केंद्रों को परीक्षा अवधि के दौरान बंद रखने के निर्देशों की भी जांच की गई। इसके साथ ही विशेष फ्लाइंग स्क्वॉड एवं पर्यवेक्षी अधिकारियों को सक्रिय रखा गया।
तकनीकी निगरानी भी कड़ी
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि ब्लूटूथ जैसे सूक्ष्म उपकरणों के दुरुपयोग को रोकने के लिए तकनीकी विशेषज्ञों एवं ईएनटी चिकित्सकों की मदद से विशेष जांच की जा रही है।
प्रशासन का मुख्य उद्देश्य परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है, ताकि अभ्यर्थियों को बेहतर माहौल मिल सके।

















































