लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
मुआवजे की मांग तेज
रिपोर्ट: मनजीत सिंह, ब्यूरो चीफ श्रीगंगानगर
श्रीगंगानगर। जिले के सूरतगढ़, राजियासर, रायसिंहनगर सहित सीमावर्ती क्षेत्र के कई गांवों में असमय हुई ओलावृष्टि और बारिश ने किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है। मोकलसर, खाटा, 33 पीएस, 34 पीएस, 35 पीएस, 36 पीएस, 37 पीएस सहित कई गांवों में ओलों के कारण फसलें पूरी तरह तबाह हो गई हैं।
सूरतगढ़ के अर्जनसर क्षेत्र के पास भी तेज ओलावृष्टि दर्ज की गई, जिससे खेतों में खड़ी फसलें नष्ट हो गईं। किसानों का कहना है कि इस अचानक हुई बारिश और ओलावृष्टि ने उनकी महीनों की मेहनत पर पानी फेर दिया है।
किसानों की फसलें पूरी तरह खराब
किसानों के अनुसार पकी-पकाई फसलें पूरी तरह नष्ट हो गई हैं, जिससे भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। ओलावृष्टि के बाद खेतों में केवल तबाही का मंजर नजर आ रहा है।
मुआवजे और सर्वे की मांग
प्रभावित किसानों ने राजस्थान सरकार और स्थानीय प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे करवाया जाए और नुकसान का सही आकलन किया जाए। किसानों ने बीमा कंपनियों को भी निर्देश देने की मांग की है कि सर्वे रिपोर्ट में वास्तविक नुकसान को शामिल किया जाए, ताकि उचित मुआवजा मिल सके।
किसानों का कहना है कि समय पर राहत और मुआवजा मिलने से ही उन्हें इस संकट की घड़ी में कुछ राहत मिल सकती है।






















































