लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रिपोर्ट: मनजीत सिंह, ब्यूरो चीफ श्रीगंगानगर
श्रीगंगानगर। जिले के सादुलशहर क्षेत्र में स्थित एक गैस एजेंसी के खिलाफ जिला रसद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज किया है। मामला गांव गदरखेड़ा का है, जहां उपभोक्ताओं ने रसोई गैस सिलेंडरों में कम गैस मिलने की शिकायत की थी।
शिकायत मिलते ही रसद विभाग की टीम मौके पर पहुंची और गांव के साथ-साथ गैस एजेंसी के गोदाम का निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई सिलेंडरों में निर्धारित मात्रा से कम गैस पाई गई। इसके अलावा स्टॉक संधारण में भी गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।
जिला रसद अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि नियमों के उल्लंघन के चलते संबंधित गैस एजेंसी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
इस मामले की जांच सादुलशहर थाना प्रभारी मलकीत सिंह द्वारा की जा रही है।
प्रशासन की इस सख्ती से जहां गैस वितरक एजेंसियों में हड़कंप मच गया है, वहीं उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद जगी है।






















































