लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नेताओं और कार्यकर्ताओं ने खेला रंग-गुलाल
जयपुर (रूपनारायण सांवरिया)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में रंगों का पावन पर्व होली हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और विधायकों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर सांसद मंजू शर्मा, विधायक बालमुकुन्द महाराज, भाजपा प्रदेश कार्यालय मंत्री मुकेश पारीक, भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रमोद वशिष्ठ, सह कार्यालय प्रभारी भवानी शंकर शर्मा तथा भाजपा बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक राजेंद्र सिंह शेखावत सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
प्रेम और भाईचारे का संदेश
सांसद मंजू शर्मा ने कहा कि होली रंगों और आपसी प्रेम का त्योहार है, जिसे पूरे उत्साह और भाईचारे के साथ मनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मन के सभी भेदभाव मिटाकर एक-दूसरे को गले लगाना चाहिए और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करना चाहिए। साथ ही उन्होंने किसानों की अच्छी फसल के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
भाजपा कार्यालय मंत्री मुकेश पारीक ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली प्रेम और एकता का संदेश देती है। भाजपा एक परिवार की तरह है और परिवार के साथ त्योहार मनाने की खुशी अलग ही होती है।
भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रमोद वशिष्ठ ने बताया कि कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक गीतों पर नृत्य किया और मिठाई खिलाकर एक-दूसरे को बधाई दी। कार्यालय परिसर रंग-बिरंगे गुलाल से सराबोर नजर आया और ढोल-नगाड़ों की थाप पर कार्यकर्ता झूमते दिखाई दिए।
पूरे आयोजन के दौरान उत्साह, उमंग और सौहार्द का वातावरण बना रहा।

















































