लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा (दुर्योधन मयंक)। कस्बे सहित उपखंड क्षेत्र में मंगलवार को हिन्दू समुदाय द्वारा धुलंडी का पर्व छिटपुट घटनाओं के बीच हर्षोल्लास और धूमधाम से मनाया गया।
मंगलवार को चंद्रग्रहण को लेकर सुबह से ही लोगों में धुलंडी मनाने को लेकर असमंजस की स्थिति बनी रही। हालांकि 4 मार्च को राज्य सरकार की अवकाश घोषित नहीं होने और ग्रहण का समय देर से होने के कारण लोगों ने उत्साहपूर्वक धुलंडी का पर्व मनाया।
महिलाएं और युवा वर्ग अलग-अलग टोलियां बनाकर रंग-गुलाल से सराबोर नजर आए। लोग “रंग बरसे भीगे चुनर वाली” और “बुरा न मानो होली है” जैसे पारंपरिक होली गीतों पर नृत्य करते दिखाई दिए।
इससे पूर्व सोमवार देर रात कस्बे के विभिन्न स्थानों पर होलिका दहन किया गया, जहां लोगों ने बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीकात्मक उत्सव मनाया।
पूरे क्षेत्र में रंगों, उमंग और आपसी भाईचारे का वातावरण बना रहा।
















































